Aastha Eye Donation: आस्था के बिछड़ने का गम, लेकिन परिवार ने नहीं छोड़ा इंसानियत का रास्ता

18 महीने की बेटी की मौत के बाद माता-पिता ने लिया ऐसा फैसला, हर कोई कर रहा सलाम

Published On

भिवानी (सच कहूँ न्यूज)। समाज सेवा और परोपकार की मिसाल बन चुके डेरा सच्चा सौदा के अनुयायी हर आपदा और दु:ख की घड़ी में भी मानवता की अलख जगाए हुए हैं। पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां की पावन प्रेरणाओं और पवित्र शिक्षाओं का अनुसरण करते हुए महम निवासी एक शोक संतप्त डेरा सच्चा सौदा अनुयायी परिवार ने ऐसा साहसिक व अनुकरणीय कदम उठाया है, जो पूरे समाज के लिए प्रेरणास्त्रोत बन गया है।

तीव्र बुखार के चलते अचानक असामयिक दुनिया छोड़ गई अपनी डेढ़ वर्षीय मासूम बेटी आस्था की आंखें दान कर इस परिवार ने दो अंधेरी जिंदगियों में हमेशा के लिए उजाला भरने का महान कार्य किया है। हालांकि परिवार की गहरी भावना बेटी का संपूर्ण शरीर दान करने की थी, लेकिन शरीर दान का निर्देश ना मिलने के कारण केवल नेत्रदान की पवित्र प्रक्रिया ही पूरी की जा सकेगी। इस पूरे भावुक घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए भिवानी आई डोनेशन समिति के जिम्मेवार मनीष इन्सां (जिम्मेवार आई, ब्लड व बॉडी डोनेशन) ने बताया कि यह अत्यंत ही पीड़ादायक क्षण था, परंतु परिवार ने जिस हौसले और दृढ़ता का परिचय दिया है, वह वंदनीय है। यह गरिमामयी पल भिवानी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सेवा कार्यों में 108वीं नेत्रदान के रूप में दर्ज हुआ है, जबकि महम क्षेत्र के अंतर्गत यह तीसरा नेत्रदान है।

महम निवासी दीपक परुथी इन्सां, जो कि स्थानीय स्तर पर स्टेशनरी के होलसेल व्यवसायी हैं और डेरा सच्चा सौदा में 15-मेंबर व आईटी विंग के रूप में निष्ठावान सेवाएं दे रहे हैं, पर दुखों का पहाड़ उस समय टूट पड़ा जब उनकी लगभग 18 महीने की लाडली बेटी आस्था को एक दिन पूर्व अचानक तीव्र ज्वर हुआ। स्वास्थ्य बिगड़ने  के बाद इस नन्हीं सी जान को बचाया नहीं जा सका। दिवंगत दीपक परुथी के पिता स्वर्गीय अशोक कुमार थे, जिनके संस्कारों की महक आज परिवार के हर निर्णय में झलकती है।

दीपक की माता एक गृहणी हैं, जो पूरे परिवार को नैतिक और आध्यात्मिक संबल प्रदान करती हैं। इस नेक और परोपकारी कार्य में पूरा परिवार और रिश्तेदार एक सूत्र में बंधे नजर आए। दीपक के भाई सोनू इन्सां भी 15-मेम्बर व आईटी विंग के सक्रिय सेवादार हैं। इसके अलावा, परिवार के वरिष्ठ स्तंभ के रूप में दीपक के ताऊ हरीश इन्सां 15-मेम्बर के रूप में लंबे समय से सेवा निभा रहे हैं। आस्था की माता रीना इन्सां स्वयं यूथ विंग की सेवा से जुड़ी हैं, जो महिला सशक्तिकरण और मानवीय कार्यों में बढ़-चढकर हिस्सा लेती हैं।

परिवार में आस्था के अलावा 3 साल का एक बेटा रिहान भी है। इसके साथ ही दीपक की बहनें ज्योति इन्सां और मोनिका इन्सां (दोनों निवासी फतेहाबाद) भी यूथ सेवा में पूरी सक्रियता से जुटी हुई हैं। इस प्रकार पूरा परिवार रूहानी मिशन और सेवाकार्यों से गहराई से जुड़ा हुआ है। इस असीम और असहनीय दु:ख की घड़ी में भी इस महान परिवार ने विचलित होने के बजाय पूज्य गुरु जी की पावन शिक्षाओं का पूरी दृढ़ता के साथ पालन किया।

परिवार ने तुरंत डेरा सच्चा सौदा की शाह सतनाम जी ग्रीन एस वेलफेयर कमेटी और नेत्रदान समिति के जिम्मेदार सेवादारों से संपर्क साधा और अपनी बेटी के नेत्रदान की इच्छा व्यक्त की। समिति के तमाम सेवादारों के कुशल सहयोग और समन्वय से श्री कृष्ण लाल जालान हॉस्पिटल के सुयोग्य चिकित्सकों की टीम ने पूरी गरिमा, चिकित्सीय मर्यादा और पवित्रता के साथ नेत्रदान की इस पूरी प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।

इस अत्यंत संवेदनशील और पवित्र अवसर पर भिवानी आई डोनेशन समिति के जिम्मेवार मनीष इन्सां, सेवादार मनोज इन्सां, पंकज इन्सां, श्री कृष्ण लाल जालान हॉस्पिटल से आए नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. संदीप व सतीश मखीजा, काउंसलर विवेक, संदीप कैरू व विशेष सहयोगी संदीप भाटी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके साथ ही महम से हरीश इन्सां, रामदास इन्सां, दीपक, मुकेश इन्सां तथा दिवंगत आस्था के पिता दीपक परुथी इन्सां, माता रीना इन्सां व परिवार के अन्य गणमान्य सदस्य एवं रिश्तेदार मौजूद रहकर इस महान सेवा में सहभागी बने।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts