इन्सानियत: दर्द से तड़प रही गर्भवती महिला के लिए बठिंडा पुलिस बनी मसीहा

महिला ने बच्ची को दिया जन्म, दोनों स्वस्थ, पुलिस ने दोनों को सुरक्षित पहुंचाया घर 

Published On

बठिंडा, सच कहूँ/अशोक गर्ग। Bathinda News: बठिंडा पुलिस ने एक गर्भवती महिला और उसकी नवजात बच्ची को सुरक्षित घर पहुंचाकर इन्सानियत का फर्ज निभाया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस पार्टी को जनता नगर के सीरा महंत की ओर से सूचना मिली कि जनता नगर की मेन रोड पर सरहिंद नहर के पास एक महिला दर्द से तड़प रही है और उसे तुरंत मदद की जरूरत है। सूचना मिलते ही पीसीआर-7 की टीम बिना देरी किए मौके पर पहुंच गई। महिला की हालत देखने पर पता चला कि वह गर्भवती है और उसे प्रसव पीड़ा हो रही है। इस पर पुलिस पार्टी ने तुरंत उसे सरकारी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाने का प्रबंध किया। महिला की हालत ऐसी थी कि वह आगे सफर करने की स्थिति में नहीं थी।

इस नाजुक समय में पुलिसकर्मियों ने सूझबूझ दिखाते हुए पास के घर में मौजूद महिलाओं से मदद ली। उनके सहयोग से महिला ने एक नन्हीं बच्ची को जन्म दिया। पुलिस पार्टी ने मां और नवजात बच्ची की देखभाल की। टीम ने तुरंत कपड़ों का प्रबंध कर परिवार की मदद की और मौके पर महिला के परिजनों को भी बुलाया। इस दौरान परिवार ने बताया कि वे मेहनत-मजदूरी करके अपना गुजारा करते हैं। इसके बाद पुलिस पार्टी ने माँ और नवजात बच्ची को सरकारी गाड़ी में उनके परिजनों के साथ सुरक्षित घर पहुंचाया। एसएसपी बठिंडा सुहेल कासिम मीर ने कहा कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था की रक्षा ही नहीं करती, बल्कि जरूरत पड़ने पर हर नागरिक के सुख-दुख में साथ देने के लिए भी प्रतिबद्ध है।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts