खेल में जीत और हार दोनों का महत्व: पुष्कर सिंह धामी 

खेल मैदान में दिखा ‘लघु भारत’, 37वें अखिल भारतीय खेलकूद समारोह का समापन

Published On

गाजियाबाद, सच कहूँ/रविंद्र सिंह। Ghaziabad News: हरसांव स्थित पुलिस लाइन में विद्या भारती द्वारा आयोजित 37 वें अखिल भारतीय खेलकूद समारोह का बुधवार को समापन हो गया। समारोह में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिरकत की और तीन दिनों तक आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। देश के अलग-अलग राज्यों से आए खिलाड़ियों की भागीदारी को उन्होंने आयोजन की विशेषता बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमालय के सीमांत क्षेत्रों से कन्याकुमारी और पश्चिमी सीमावर्ती इलाकों से पूर्वोत्तर तक के खिलाड़ियों का एक मंच पर जुटना ‘लघु भारत’ का दर्शन कराता है। खेल का मैदान भाषा, वेशभूषा और परिवेश की विविधता के बावजूद लोगों को जोड़ता है और आपसी समझ बढ़ाता है। उन्होंने कहा कि खेल में जीत और हार दोनों का महत्व है।

जीत आगे बढ़ने का उत्साह देती है, जबकि हार अपनी कमियों को पहचानकर बेहतर प्रदर्शन की प्रेरणा देती है। खेलों से विद्यार्थियों में साहस, धैर्य, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित होती है।मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्या भारती शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण की भावना को सुदृढ़ करने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। धामी ने विद्या भारती के शिक्षा और संस्कार के क्षेत्र में योगदान की सराहना करते हुए कहा कि वर्ष 1952 में गोरखपुर में पहले सरस्वती शिशु मंदिर की स्थापना से शुरू हुई संस्था की यात्रा आज देश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंच चुकी है। उन्होंने उत्तराखंड सरकार की ओर से खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं, प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराने के प्रयासों की भी जानकारी दी।

दृढ़ संकल्प और नियमित अभ्यास से बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं: धामी

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि विद्या भारती विद्यालय स्तर से लेकर प्रांत, क्षेत्र और अखिल भारतीय स्तर तक खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर प्रदान कर रही है।मुख्यमंत्री  ने पेरिस पैरालंपिक-2024 के रजत पदक विजेता निषाद कुमार का उदाहरण देते हुए कहा कि दृढ़ संकल्प और नियमित अभ्यास से बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।

उन्होंने खेलो इंडिया और फिट इंडिया मूवमेंट का उल्लेख करते हुए सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में  महेश गुप्ता, विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के महामंत्री देशराज शर्मा, अखिल भारतीय सह-संगठन मंत्री यतीन्द्र कुमार शर्मा, अखिल भारतीय संयोजक खेल विभाग मुक्तेश बगेशा, डॉ. विजय पाल सहित संस्था के पदाधिकारी, शिक्षक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts