नशे के लिए ‘बद्दी’ जिम्मेदार, प्रगट सिंह ने अपनी ही कांग्रेस सरकार को घेरा
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष प्रगट सिंह ने हिमाचल की कांग्रेस सरकार पर ही उठाए सवाल
चंडीगढ़, सच कहूँ न्यूज़। Chandigarh News: पंजाब में सिंथेटिक और मेडिकल नशे की सप्लाई को लेकर पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रगट सिंह ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार को भी कटघरे में खड़ा कर दिया है। पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रगट सिंह ने आरोप लगाया है कि पंजाब में सिंथेटिक और मेडिकल नशे की सप्लाई के लिए हिमाचल प्रदेश के बद्दी क्षेत्र में दवाईयाँ बनाने वाली फैक्ट्रियाँ मुख्य रूप से जिम्मेदार हैं। उनका कहना है कि हिमाचल प्रदेश के बद्दी क्षेत्र में ही यह नशा तैयार होकर पंजाब पहुंच रहा है और प्रदेश की युवा पीढ़ी को बर्बाद कर रहा है। जिस समय प्रगट सिंह हिमाचल प्रदेश पर ये आरोप लगा रहे थे, उस समय उनके साथ बैठे कांग्रेस के अन्य नेता भी काफी असहज महसूस कर रहे थे।
इस स्थिति को भांपते हुए प्रगट सिंह ने भी इस मुद्दे को तुरंत समाप्त करना ही उचित समझा। चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रगट सिंह ने पंजाब में नशे के फैलाव पर चर्चा करते हुए नशे को अलग-अलग श्रेणियों में बांटकर समझाया। उन्होंने कहा कि हेरोइन जैसे महंगे नशीले पदार्थ गुजरात से आ रहे हैं, जबकि सिंथेटिक ड्रग्स और दवाईयों के रूप में मेडिकल नशा हिमाचल प्रदेश के बद्दी से पंजाब में पहुंच रहा है। बद्दी की फैक्ट्रियों के बारे में बात करते हुए उन्होंने दावा किया कि वहाँ कुछ फैक्ट्रियों में 300 मिलीग्राम की गोलियाँ तैयार की जा रही हैं, जबकि उनके अनुसार इसकी अनुमति केवल 75 मिलीग्राम की है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि सरकार की निगरानी में सब कुछ हो रहा है तो फिर इस तरह की गतिविधियाँ कैसे चल रही हैं?
प्रगट सिंह के इन गंभीर आरोपों के बाद सवाल उठ रहे हैं कि यदि बद्दी की फैक्ट्रियों में नशे के रूप में इस्तेमाल होने वाली दवाईयाँ तैयार हो रही हैं और ये पंजाब तक पहुंच रही हैं तो इस पूरे मामले की जिम्मेदारी किसकी बनती है? क्या हिमाचल के ड्रग कंट्रोल विभाग को इन फैक्ट्रियों में हो रहे उत्पादन की जानकारी नहीं है? क्या फैक्ट्रियों के लाइसेंस और उत्पादन की नियमित जाँच की जा रही है? पंजाब में बद्दी से नशे की सप्लाई के पीछे क्या हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार ही मुख्य रूप से जिम्मेदार है और क्या प्रगट सिंह अपनी ही कांग्रेस सरकार पर सवाल उठा रहे हैं? प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनसे ये दोनों सवाल पूछे गए, लेकिन प्रगट सिंह ने स्थिति संभालते हुए इन सवालों का जवाब देने से परहेज किया और दूसरे सवालों के जवाब देने लगे।
Comments