Kanpur Roof Collapsed: कानपुर में मकान की छत गिरने से नवजात सहित एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत

कानपुर में मकान की छत गिरने से नवजात सहित एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत

Published On

कानपुर, एजेंसी। Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर में पनकी थाना क्षेत्र में एक मकान की छत गिरने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 21 दिन का एक नवजात बच्चा भी शामिल है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया।

मलबे के नीचे दबे लोगों को रेस्क्यू टीमों ने बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पश्चिमी क्षेत्र के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) कासिम आबिदी ने पत्रकारों से कहा, "रविवार सुबह 8 बजे पनकी थाना क्षेत्र के पनकी पड़ाव इलाके में एक मकान की छत गिर गई, जिसमें तीन लोगों की दुखद मौत हो गई।"

उन्होंने बताया, "मृतकों में एक महिला, उसका 21 दिन का बेटा और उसकी सास शामिल हैं। घटना के तुरंत बाद मौके पर राहत और बचाव कार्य चलाया गया।"

इससे एक दिन पहले शनिवार को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में निर्माणाधीन मकान की छत का स्लैब गिरने से कई मजदूर घायल हो गए थे।

यह हादसा मोदीनगर थाना क्षेत्र में उस समय हुआ, जब मकान का निर्माण कार्य चल रहा था और कई मजदूर वहां काम कर रहे थे। अचानक छत का स्लैब गिर गया, जिससे कई मजदूर मलबे में फंस गए।

घटना की जानकारी मिलते ही फायर सर्विस, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया।

इस हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई जबकि पांच अन्य को सुरक्षित निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

यह घटना दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके में कुछ दिन पहले हुए भवन हादसे के बाद सामने आई है, जिसमें सात लोगों की जान चली गई थी। चावड़ी बाजार में निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत गुरुवार को अचानक ढह गई थी। अधिकारियों के मुताबिक, सुबह 9:50 बजे चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के पास गली सितारा से इमारत गिरने की सूचना मिली थी।

इसके बाद दिल्ली पुलिस, एनडीआरएफ, दिल्ली फायर सर्विस और दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की टीमों ने संयुक्त रूप से बड़े स्तर पर राहत और बचाव अभियान चलाया।

 

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts