Swachh Survekshan: स्वच्छ सर्वेक्षण में इन तीन शहरों को मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान, 11 नवंबर को मुर्मू करेंगी पुरस्कृत
स्वच्छ सर्वेक्षण में इन तीन शहरों को मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान, 11 नवंबर को मुर्मु करेंगी पुरस्कृत
रायपुर (एजेंसी)। Swachh Survekshan: छत्तीसगढ़ के रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा शहरों का स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चयन किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 11 नवंबर को नयी दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में तीनों शहरों को सम्मानित करेंगी। नगरीय प्रशासन से आज मिली जानकारी के अनुसार बीते शनिवार को केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने राज्य सरकार को पत्र भेजकर तीनों शहरों के चयन की औपचारिक जानकारी दी है। स्वच्छ सर्वेक्षण के दसवें संस्करण में प्रदेश के तीन नगरीय निकायों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलने जा रहा है। इस उपलब्धि का श्रेय नगरीय निकायों के निरंतर प्रयासों, सफाई कर्मचारियों की मेहनत और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी को दिया गया है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए तीनों शहरों के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, नगरीय निकायों के अधिकारियों-कर्मचारियों और सफाई मित्रों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के हाथों प्रदेश के तीन शहरों का सम्मानित होना छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है। यह उपलब्धि स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे सफाई मित्रों और जागरूक नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।
साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में शुरू हुए स्वच्छ भारत अभियान ने स्वच्छता के प्रति व्यापक जनजागरूकता पैदा की है। स्वच्छता अब केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित नहीं रह गयी है, बल्कि जनभागीदारी से संचालित आंदोलन का स्वरूप ले चुकी है। राज्य सरकार प्रदेश के सभी शहरों में बेहतर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने और नागरिकों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल पुरस्कार प्राप्त करने या सर्वेक्षण में बेहतर स्थान हासिल करने का विषय नहीं है, बल्कि यह नागरिकों के स्वास्थ्य, सम्मान और जीवन की गुणवत्ता से जुड़ा महत्वपूर्ण संकल्प है। सरकार का लक्ष्य बड़े शहरों के साथ छोटे नगरीय निकायों में भी स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना है। केंद्रीय मंत्रालय की ओर से भेजे गए पत्र में प्रदेश में संचालित स्वच्छता गतिविधियों और नागरिक सहभागिता की सराहना की गई है। मंत्रालय ने स्वच्छ भारत के लक्ष्यों को प्राप्त करने में स्थानीय निकायों और आम नागरिकों की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया है।
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की थीम 'स्वच्छता की नई पहल - बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ' निर्धारित की गई है। इसके माध्यम से स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी और जनसहभागिता को प्रोत्साहित किया जा रहा है। नयी दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह में सफाई मित्रों और स्वच्छता व्यवस्था से जुड़े मैदानी कर्मचारियों को विशेष महत्व दिया जाएगा। मंत्रालय ने चयनित शहरों के प्रतिनिधिमंडलों में सफाई मित्रों, स्वच्छता निरीक्षकों, पर्यवेक्षकों, अभियंताओं और स्वच्छता मिशन से जुड़े प्रतिनिधियों को शामिल करने के लिए आमंत्रित किया है। प्रत्येक पुरस्कृत शहर से चार प्रतिनिधियों को मंच पर सम्मान ग्रहण करने का अवसर मिलेगा।
समारोह में केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल तथा केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू भी उपस्थित रहेंगे। इधर, उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा विकास मंत्री अरुण साव ने भी तीनों शहरों के राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चयन पर बधाई दी है। उन्होंने कहा कि रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा की उपलब्धि प्रदेश के अन्य नगरीय निकायों के लिए प्रेरणादायक साबित होगी।
साव ने कहा कि नगरीय निकायों की सक्रियता, सफाई मित्रों के समर्पण और नागरिकों के सहयोग से स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। राज्य सरकार का प्रयास है कि स्वच्छता किसी विशेष अभियान या सर्वेक्षण की अवधि तक सीमित न रहे, बल्कि शहरों की नियमित कार्य संस्कृति और नागरिकों की दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बने।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि तीनों शहरों को मिलने वाला राष्ट्रीय सम्मान प्रदेश के अन्य नगरीय निकायों को स्वच्छता के क्षेत्र में नई पहल करने तथा बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करेगा।
Comments