गांव-गांव चलेगा भाकियू का सदस्यता अभियान, संगठन को देंगे मजबूती
कैराना में भाकियू की बैठक में आगामी रणनीति पर मंथन, बड़ी बैठक आयोजित करने की बनी रूपरेखा
कैराना एजेंसी। Kairana News: भारतीय किसान यूनियन ने संगठन की मजबूती के लिए गांव-गांव सदस्यता अभियान चलाने की रणनीति तैयार की है। अभियान के तहत अधिक से अधिक किसानों और मजदूरों को संगठन से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा। इसके साथ ही आगामी दिनों में बड़ी बैठक आयोजित कर संगठन की गतिविधियों को गति देने की रूपरेखा तैयार की गई।
कैराना के शहीद चौक स्थित अजंता फर्नीचर हाउस पर भाकियू के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष चौधरी गुरदीप सिंह के नेतृत्व में बैठक आयोजित की गई। इसमें संगठन के विस्तार, सदस्यता अभियान एवं आगामी रणनीति को लेकर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने विस्तार से विचार-विमर्श किया।
बैठक को संबोधित करते हुए मंडल महासचिव चौधरी गय्यूर हसन ने कहा कि किसानों और मजदूरों के हितों की रक्षा के लिए संगठनात्मक एकजुटता बेहद जरूरी है। सभी को संगठित होकर किसान और मजदूरों की आवाज बुलंद करनी होगी। किसान नेता बाबा महेंद्र सिंह टिकैत ने एकता, संघर्ष और किसानों के अधिकारों की लड़ाई लड़ने का जो मार्ग दिखाया है, उसे जन-जन तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है।
पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष चौधरी गुरदीप सिंह ने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए गांव-गांव सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। अधिक से अधिक किसानों और मजदूरों को भारतीय किसान यूनियन से जोड़कर संगठन का विस्तार किया जाएगा। बैठक में मौजूद पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी अपने सुझाव रखे तथा संगठन की मजबूती पर बल दिया।
इस दौरान चौधरी गय्यूर हसन, चौधरी गुरदीप सिंह, चौधरी इनाम कालू, फैजान अहमद, चौधरी तालिब एडवोकेट, सुभाष प्रधान झाड़खेड़ी, मनव्वर प्रधान गंदराऊ, नईम मिर्जा, राजपाल मेम्बर, नौशाद खान व नौशाद कुरैशी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
Comments