शिक्षा और रोजगार
तिस्सा में मंदिर के वार्षिकोत्सव पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
जगह-जगह पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत, भजनों पर जमकर झूमीं महिलाएं
भोपा - गांव तिस्सा स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन पंचायती मंदिर का वार्षिकोत्सव धार्मिक उल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भगवान पार्श्वनाथ की भव्य पालकी यात्रा बैंड-बाजों के साथ निकाली गई। यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के जयकारों और भजनों से गांव का वातावरण भक्तिमय हो गया। दूरदराज क्षेत्रों से पहुंचीं महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर यात्रा में सहभागिता की। गांव के विभिन्न मार्गों पर ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर पालकी यात्रा का स्वागत किया। वहीं महिलाओं ने भजनों की मधुर धुन पर नृत्य कर उत्सव की शोभा बढ़ाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके बाद बिजनौर से पहुंचे मुख्य अतिथि राजेंद्र जैन तथा विशिष्ट अतिथि संजय जैन, विपिन जैन, प्रमोद जैन, निपुण जैन और सुनील जैन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित किया। सैंकी जैन, युगांक जैन, आयुष जैन और सिद्धांत जैन ने चित्र का अनावरण किया। सुनील जैन दिल्ली ने भगवान पार्श्वनाथ को पालकी में विराजमान कराया। कुबेर बनने का सौभाग्य डा. राजीव जैन को प्राप्त हुआ।
प्रतिष्ठाचार्य नरेश चंद्र कांसल ने विधि-विधान से नित्य पूजन एवं अभिषेक कराया। धार्मिक अनुष्ठानों के बाद पालकी यात्रा रवाना हुई। हर्षल जैन, ऋषभ जैन, अमोल जैन और अमित जैन भगवान की पालकी लेकर चले। यात्रा में दाएं इंद्र के रूप में ईशान जैन और बाएं इंद्र के रूप में अमन जैन रहे। पालकी यात्रा गांव के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए वापस मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई।वार्षिकोत्सव के समापन पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान जरूरतमंद महिलाओं को कंबल भी वितरित किए गए। कार्यक्रम का संचालन मेघ चंद जैन एवं अजय जैन भोपा ने किया। जितेंद्र जैन, टोनी, रूपल जैन, नितिन जैन, अजय जैन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
Comments