शिक्षा और रोजगार
हजारीबाग में भड़का आक्रोश, रोड जाम; जानें क्या है मामला?
तेज रफ्तार कंपनी की गाड़ी ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौत; दो घायल
हजारीबाग (सच कहूँ/एजेंसी)। झारखंड के हजारीबाग में सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत के बाद मंगलवार को स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। मृतक के परिजनों और आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग और परिवार के एक सदस्य को सरकारी या कंपनी स्तर पर नौकरी (नियोजन) दिए जाने की जिद को लेकर हजारीबाग-बड़कागांव रोड स्थित रसूलीगंज चौक पर शव को बीच सड़क पर रखकर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस प्रदर्शन और चक्का जाम के कारण पिछले तीन घंटे से मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं और आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मृतक की शिनाख्त सदर प्रखंड के हरहद पंचायत निवासी नौशाद के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात मार्खम कॉलेज के पास एचजी इंफ्रा कंपनी की एक तेज रफ्तार गाड़ी ने पीछे से एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी थी। हादसे के वक्त बाइक पर नौशाद के साथ दो अन्य युवक भी सवार थे। इस भीषण टक्कर में नौशाद की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दोनों अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ग्रामीण मंगलवार सुबह नौशाद का शव लेकर सीधे रसूलीगंज चौक पहुंच गए और सड़क पर शव रखकर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने शांतिपूर्ण तरीके से धरना देते हुए मांग की कि जब तक पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और परिवार के एक आश्रित को नौकरी नहीं मिलती, तब तक वे सड़क से नहीं हटेंगे। इस विरोध प्रदर्शन के चलते बड़कागांव रोड पर यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में भारी वाहनों और कंपनियों के वाहनों की तेज रफ्तार के कारण लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं और लोगों की जानें जा रही हैं। सोमवार रात की दुर्घटना ने एक हंसते-खेते परिवार को उजाड़कर गहरे संकट में डाल दिया है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित कंपनी के प्रबंधन से कड़ी नाराजगी जताते हुए पीड़ित परिवार को तुरंत आर्थिक सहायता देने और नियोजन की मांग पर ठोस कार्रवाई करने की मांग की है।
सड़क जाम और हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची। अधिकारी आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने-बुझाने और उनकी मांगों पर उचित प्रशासनिक पहल का भरोसा देकर सड़क से जाम हटाने के प्रयास में जुटे हुए हैं, ताकि यातायात को सुचारू रूप से बहाल किया जा सके।
Comments