योगेश टुंडा व दीपक तितर की कैराना कोर्ट में नहीं हो सकी पेशी

दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है दोनों कुख्यात शूटर, हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या की साजिश में शामिल होने का है आरोप

Published On

कैराना, सच कहूँ न्यूज़। Kairana News: हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड की साजिश में आरोपी बनाए गए तिहाड़ जेल में बंद योगेश टुंडा और दीपक डबास उर्फ तितर की गुरुवार को कैराना कोर्ट में पेशी नहीं हो सकी। अब कोर्ट ने अगली पेशी के लिए 16 नवंबर की तारीख नियत की है। विगत 26 अगस्त को हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की शामली में आर्यपुरी नाला पटरी पर स्थित जिम से निकलते समय गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। सीसीटीवी फुटेज में चार शूटरों के द्वारा गोलियां बरसाकर हत्या किया जाना सामने आया था। इनमें से दो शूटरों सुमित और मोहित को 31 अगस्त को शामली में कैराना रोड पर हुई मुठभेड़ में पुलिस ने मार गिराया था, जबकि दो अन्य शूटर सत्यम और आर्यन को पुलिस अभी तक भी नहीं पकड़ पायी है।

इसी बीच जांच पड़ताल में अंकित की हत्या के तार दूर तक जुड़ते चले गए। पुलिस के अनुसार गोगी गैंग के सरगना भोलू शाहपुरिया इस हत्याकांड के मुख्य साजिशकर्ता रहे है। इसके अलावा, जेल में बंद भोलू शाहपुरिया के गुर्गें भी हत्याकांड की साजिश में शामिल है। ऐसे ही दो साजिशकर्ता योगेश टुंडा और दीपक डबास उर्फ तितर का नाम भी पुलिस जांच में सामने आया है। वर्तमान में दोनों आरोपी दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है। दोनों ही लॉरेंस बिश्नोई और गोगी गैंग से जुड़े बताए जा रहे है। पुलिस ने दोनों को अंकित बालियान की हत्या की साजिश में शामिल होने का आरोपी बनाया है।

इससे पहले 18 अक्टूबर को दोनों की कड़ी सुरक्षा के बीच मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट शामली की अदालत में पेशी कराई गई थी। उस दौरान शामली पुलिस ने दोनों आरोपियों का रिमांड हासिल कर उन्हें मुकदमे में आरोपी बनाया था। विगत 03 नवंबर को दोनों आरोपियों ने दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट में प्रार्थना-पत्र देकर शामली पुलिस द्वारा उन्हें फर्जी एनकाउंटर में मार गिराने की आशंका जताई थी। दोनों ने बुलेटप्रूफ जैकेट पहनाकर व हाथों-पैरों में बेड़ियां डालकर कोर्ट ले जाने की गुहार लगाई थी। वहीं, हत्याकांड की विवेचना कर रहे सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार का कहना है कि गुरुवार को दोनों आरोपियों की कोर्ट में पेशी होनी थी, लेकिन किन्हीं कारणों से दिल्ली पुलिस उन्हें तिहाड़ जेल से कैराना कोर्ट नहीं ला सकी है। अगली पेशी के लिए कोर्ट ने 16 नवंबर की तारीख नियत की है।

 

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts