मीरापुर में बाइक सवारों को वितरित किए हेलमेट, सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

बाइक सवारों को वितरित किए हेलमेट, सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

Published On

मुजफ्फरनगर, सच कहूँ/अनु सैनी। Muzaffarnagar News: मीरापुर विधानसभा क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रविंद्र भाटी ने सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता की पहल की। इस दौरान उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट वितरित किए और यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित सफर करने का संदेश दिया।

रविंद्र भाटी ने कहा कि मीरापुर विधानसभा क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाएं चिंता का विषय हैं। आए दिन होने वाले हादसों में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो जाते हैं। ऐसे में दोपहिया वाहन चालकों को अपनी सुरक्षा के प्रति विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि बाइक चलाते समय हेलमेट का प्रयोग अवश्य करना चाहिए, क्योंकि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

उन्होंने कहा कि हेलमेट केवल पुलिस के चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी और अपने परिवार की खुशियों को सुरक्षित रखने के लिए पहनना चाहिए। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने से दुर्घटना की स्थिति में सिर पर लगने वाली गंभीर चोटों का खतरा कम किया जा सकता है।

उन्होंने बाइक सवारों से अपील की कि वे स्वयं हेलमेट पहनने की आदत डालें और अपने परिवार के सदस्यों, मित्रों तथा आसपास के लोगों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा की जिम्मेदारी केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की है। सभी लोग नियमों का पालन करें तो सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में मदद मिल सकती है। इस अवसर पर आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ता एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

 

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts