आत्मविश्वास, धैर्य और संघर्ष की क्षमता को विकसित करते है खेल: इमरान सिद्दीकी
कस्बे के झाड़खेड़ी मार्ग पर स्थित द न्यू हाइट्स एकेडमी में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन
कैराना, सच कहूँ न्यूज़। Kairana News: और खेल प्रतिभा, शारीरिक दक्षता, अनुशासन तथा टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया। खेल मैदान पूरे समय खिलाड़ियों के जोश, दर्शकों की तालियों और उत्साहवर्धन से गूंजता रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के चेयरमैन इमरान अहमद सिद्दीकी ने विधिवत रूप से किया। प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न हाउसों के कैप्टन्स ने अपनी-अपनी टीमों का नेतृत्व करते हुए पूरे जोश और खेल भावना के साथ मैदान में मार्च किया। उन्होंने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। हाउसों के बीच हुई प्रतिस्पर्धा ने आयोजन को और भी रोमांचक बना दिया। प्रतियोगिता के अंतर्गत कबड्डी, वॉलीबॉल तथा 100 मीटर, 200 मीटर एवं 400 मीटर दौड़, रस्साकशी, सैक रेस, बैग रेस, जैवलिन थ्रो सहित अनेक खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। प्रत्येक स्पर्धा में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और मेहनत का परिचय दिया।
विशेष रूप से ट्रैक इवेंट्स में खिलाड़ियों की गति और सहनशक्ति देखने लायक रही। वहीं, टीम गेम्स में रणनीति, तालमेल और सामूहिक प्रयास ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। प्रतियोगिताओं के परिणामों में कबड्डी एवं वॉलीबॉल दोनों स्पर्धाओं में प्रिंसटन हाउस ने शानदार जीत दर्ज की, जबकि रस्साकशी प्रतियोगिता में ऑक्सफोर्ड हाउस विजेता रहा। विजेता टीमों के खिलाड़ियों ने अपनी सफलता का श्रेय निरंतर अभ्यास, टीमवर्क और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया। पूरे आयोजन को सफल बनाने में खेल प्रशिक्षक ओमप्रकाश एवं दीपक कुमार का विशेष योगदान रहा। उनके कुशल प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और विद्यार्थियों के निरंतर अभ्यास के परिणामस्वरूप प्रतियोगिताएं सुव्यवस्थित एवं उत्साहपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
खेल केवल हार और जीत का माध्यम नहीं है: चेयरमैन
इस अवसर पर विद्यालय चेयरमैन इमरान अहमद सिद्दीकी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल जीत और हार का माध्यम नहीं हैं, बल्कि ये जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, धैर्य और संघर्ष करने की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ खेलों में भागीदारी भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। प्रत्येक विद्यार्थी को पढ़ाई के साथ खेलों में भी अपनी रुचि और प्रतिभा को निखारना चाहिए।
हार-जीत से ऊपर उठकर प्रयास करना सच्चे खिलाड़ी की पहचान: प्रधानाचार्य
विद्यालय के प्रधानाचार्य विवेक कुमार उपाध्याय ने अपने संदेश में कहा कि खेल विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ सहयोग, एकता और खेल भावना का महत्व सिखाते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि प्रतियोगिता में भाग लेना स्वयं में एक उपलब्धि है। हार और जीत से ऊपर उठकर निरंतर प्रयास करना ही सच्चे खिलाड़ी की पहचान है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा और सभी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों में नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना का संचार किया। वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का यह आयोजन केवल पदक और जीत तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने विद्यार्थियों को यह संदेश दिया कि मैदान में सीखा गया अनुशासन, टीम भावना और संघर्ष का जज्बा जीवन के हर क्षेत्र में सफलता की नींव बनता है।
.jpg)
Comments