द न्यू हाइट्स एकेडमी में विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन
विद्यार्थियों द्वारा निर्मित मॉडल्स रहे आकर्षण का केंद्र, चेयरमैन इमरान अहमद सिद्दीकी ने किया प्रदर्शनी का उद्घाटन
कैराना, सच कहूँ न्यूज़। Kairana News: रविवार को कस्बे के झाड़खेड़ी मार्ग पर स्थित द न्यू हाइट्स एकेडमी में एकदिवसीय भव्य विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसका उद्घाटन विद्यालय चेयरमैन इमरान अहमद सिद्दीकी ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर विशेष अभिभावक-शिक्षक बैठक(पीटीएम) का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में अभिभावकों ने हिस्सा लेकर बच्चों के शैक्षणिक विकास और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की सराहना की।
प्रदर्शनी में छात्र-छात्राओं द्वारा तैयार किए गए विभिन्न वर्किंग और नॉन-वर्किंग मॉडल्स आकर्षण का मुख्य केंद्र रहे। विज्ञान के जटिल सिद्धांतों से लेकर सामाजिक विज्ञान की सामाजिक व पर्यावरणीय अवधारणाओं को विद्यार्थियों ने बेहद रचनात्मक और सरल ढंग से प्रस्तुत किया। प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए अभिभावकों और स्थानीय गणमान्य नागरिकों ने विद्यार्थियों की तार्किक सोच, प्रस्तुतीकरण के कौशल और आत्मविश्वास की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
शिक्षा का उद्देश्य तार्किक सोच और नवाचार विकसित करना: इमरान अहमद सिद्दीकी
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए चेयरमैन इमरान अहमद सिद्दीकी ने कहा कि शिक्षा का मूल उद्देश्य केवल परीक्षाओं में अंक हासिल करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को जीवन की वास्तविक चुनौतियों का सामना करने, तार्किक ढंग से सोचने और समस्याओं के नए समाधान खोजने के योग्य बनाना है। जब बच्चों को अपनी कल्पनाओं को धरातल पर लाने का अवसर मिलता है, तो उनके भीतर आत्मविश्वास और नवाचार की भावना प्रबल होती है। बालक के सर्वांगीण विकास में विद्यालय, शिक्षक और अभिभावक तीनों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
ज्ञान के साथ-साथ कौशल विकास भी जरूरी: विवेक कुमार उपाध्याय
विद्यालय प्रधानाचार्य विवेक कुमार उपाध्याय ने प्रदर्शनी की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि आज के आधुनिक दौर में विषय ज्ञान के साथ-साथ विश्लेषणात्मक क्षमता, टीमवर्क और समस्या-समाधान जैसे कौशल अनिवार्य हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों की छिपी हुई प्रतिभा को बाहर लाने और उन्हें आत्मविश्वासी बनाने में मील का पत्थर साबित होते हैं। वहीं, विद्यार्थियों ने माफिया सैफी, लक्ष कपूर, वैष्णवी सैनी और खुशी वर्मा के कुशल मार्गदर्शन में अपने प्रोजेक्ट्स और मॉडल्स तैयार किए। शिक्षकों ने बच्चों को विषय की गहराई समझने, विचारों को क्रमबद्ध करने और आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुतीकरण देने में निरंतर सहयोग प्रदान किया। इस मौके पर संजय त्यागी, अमित कुमार, हिमांशु चौहान, नेहा गोयल ओर समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
15.jpg)

Comments