मीरापुर में शांतिपूर्ण संपन्न हुआ विधान परिषद चुनाव का मतदान, स्नातक सीट पर 60 और शिक्षक सीट पर 78 प्रतिशत वोटिंग
मीरापुर में शांतिपूर्ण संपन्न हुआ विधान परिषद चुनाव का मतदान, स्नातक सीट पर 60 और शिक्षक सीट पर 78 प्रतिशत वोटिंग
मीरापुर, सच कहूँ/कोमल प्रजापति। Mirapur News: उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव के तहत मीरापुर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। नगर पंचायत मीरापुर स्थित मतदान केंद्र पर स्नातक और शिक्षक विधान परिषद सीट के लिए मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान संपन्न होने के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
विधान परिषद चुनाव के लिए मीरापुर नगर पंचायत कार्यालय को मतदान केंद्र बनाया गया था। यहां स्नातक और शिक्षक सीट के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई थी। स्नातक सीट पर कुल 248 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें से 146 मतदाताओं ने मतदान किया। इस प्रकार स्नातक सीट पर लगभग 59 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं शिक्षक सीट पर पंजीकृत 84 मतदाताओं में से 66 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिससे मतदान प्रतिशत लगभग 79 रहा। मतदान के दौरान पुलिस प्रशासन और जिला स्तर के अधिकारी लगातार निगरानी करते रहे। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए बूथ के आसपास पुलिसकर्मी तैनात रहे। पूरे मतदान के दौरान किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। स्नातक सीट पर आठ और शिक्षक सीट पर दस प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे।
स्नातक सीट पर भाजपा के दिनेश गोयल और सपा के प्रमेन्द्र भाटी के बीच प्रमुख मुकाबला माना जा रहा था। वहीं शिक्षक सीट पर भाजपा के श्रीचंद शास्त्री और सपा के डॉ. नितिन कुमार के बीच मुकाबला रहा। उधर, ग्रामीण क्षेत्र के मतदाताओं ने जानसठ विकासखंड में बनाए गए मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदान किया। शांतिपूर्ण मतदान संपन्न होने पर प्रशासन ने राहत महसूस की।
वहीं शिखर शिक्षा सदन सीनियर सेकेंडरी स्कूल के शिक्षक एवं कर्मचारी नगर पंचायत मीरापुर पहुंचे। स्कूल के डायरेक्टर राजेश शर्मा ने बताया कि विद्यालय के 60 शिक्षकों एवं कर्मचारियों के एमएलसी चुनाव के लिए वोट बनवाए गए थे। सभी शिक्षक एवं कर्मचारी लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी निभाने के उद्देश्य से मतदान करने पहुंचे।