मीरापुर में पुलिस और 25 हजार के इनामी बदमाश के बीच मुठभेड़, पैर में लगी गोली

मीरापुर में पुलिस और 25 हजार के इनामी बदमाश के बीच मुठभेड़, पैर में लगी गोली

Published On

मीरापुर, सच कहूँ/मल प्रजापति। Mirapur News: मीरापुर पुलिस की शुक्रवार को गंगनहर कुतुबपुर के निकट चेकिंग के दौरान एक बदमाश से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश घायल हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से तमंचा, जिंदा कारतूस, खोखा व मिस कारतूस के अलावा बिना नंबर प्लेट की बाइक और कुछ एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, बदमाश के खिलाफ कई जनपदों में करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। क्षेत्राधिकारी जानसठ ऋषिका सिंह ने बताया कि मीरापुर पुलिस टीम गंगनहर कुतुबपुर के निकट चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक पर एक संदिग्ध व्यक्ति आता दिखाई दिया।

पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह बाइक लेकर सम्भलहेड़ा नहर पटरी की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। राजवाहे के निकट पुलिस ने उसे घेर लिया। पुलिस के मुताबिक, घिरने पर बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली बदमाश के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने घायल बदमाश को कब्जे में लेकर तलाशी ली तो उसके पास से एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा और एक मिस कारतूस बरामद हुआ। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट की बाइक और कुछ एटीएम कार्ड भी मिले। पूछताछ में घायल बदमाश ने अपना नाम आरिफ पुत्र सगीर निवासी चिट्टा उर्फ चिरचिटा, थाना सलेमपुर, जनपद बुलंदशहर बताया। थाना प्रभारी निरीक्षक इन्द्रजीत सिंह ने बताया कि आरिफ पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित है और वह मीरापुर थाने में दर्ज लूट के मामले में वांछित चल रहा था।

पुलिस के अनुसार, आरिफ लोगों के एटीएम कार्ड बदलकर रुपये निकालने की घटनाओं में शामिल रहा है। उसके खिलाफ अलीगढ़, बुलंदशहर, गाजियाबाद और मुजफ्फरनगर समेत अन्य जनपदों में करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली है। पुलिस के अनुसार, बदमाश सुबह मीरापुर होते हुए किसी व्यक्ति से मिलने जा रहा था। इसी दौरान पुलिस की चेकिंग में वह पकड़ा गया और भागने के दौरान मुठभेड़ हो गई। घायल बदमाश को उपचार एवं चिकित्सकीय परीक्षण के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जानकारी जुटाने के साथ ही बरामद एटीएम कार्ड के संबंध में भी जांच कर रही है।

 

About The Author

Related Posts