Sugarcane Crop: हाईटेंशन लाइन का तार टूटने से 15 बीघा गन्ने की फसल जली, लाखों का नुकसान

जर्जर विद्युत लाइनों से हादसों का सिलसिला जारी, कांग्रेस, सपा और भाकियू नेताओं ने लाइनें बदलने की उठाई मांग

Published On

मोरना, सच कहूँ न्यूज़। Morna News: क्षेत्र में जर्जर विद्युत लाइनों के कारण हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। गांव इलाहाबास में करंट लगने से तीन पशुओं की मौत के बाद अब गांव बहुपुरा में हाईटेंशन लाइन का तार टूटने से करीब 15 बीघा गन्ने की फसल जलकर राख हो गई। तैयार फसल नष्ट होने से किसानों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। घटना से किसानों में रोष व्याप्त है। कांग्रेस, सपा और भारतीय किसान यूनियन के नेताओं ने जर्जर विद्युत लाइनों को तत्काल बदलवाने तथा पीड़ित किसानों और पशुपालक को मुआवजा दिलाने की मांग की है। अन्यथा आंदोलन की चेतावनी दी है।

मोरना ब्लॉक क्षेत्र के गांव बहुपुरा निवासी किसान चरण सिंह, रेशमवीर और मदन सिंह ने भोपा थाना पर तहरीर देकर बताया कि उनके खेतों के बीच से 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन गुजर रही है। यह लाइन लंबे समय से जर्जर हालत में है। रविवार दोपहर विद्युत तार ढीले होकर नीचे लटक गए और हवा चलने के दौरान गन्ने की फसल से टकरा गए। तारों से निकली चिंगारी से खेतों में खड़ी गन्ने की फसल में आग लग गई। देखते ही देखते करीब 15 बीघा गन्ना जलकर नष्ट हो गया। किसानों के अनुसार, फसल तैयार होने के करीब थी। ऐसे में आग लगने से उन्हें लाखों रुपये की आर्थिक क्षति हुई है।

घटना की जानकारी मिलने पर किसान कांग्रेस नेता मनोज कुमार मांडी, सपा नेता हाजी मौहम्मद मूसा तथा भारतीय किसान यूनियन के तहसील संगठन मंत्री मेघिन्द्र बालियान ने घटना पर गहरा दुःख प्रकट किया। उन्होंने प्रशासन और विद्युत विभाग से जर्जर विद्युत लाइनों को तत्काल बदलवाने, आग से नष्ट हुई गन्ने की फसल का सर्वे कराकर किसानों को  मुआवजा दिलाने तथा करंट लगने से पशुओं की मौत के मामले में पीड़ित पशुपालक को भी आर्थिक सहायता देने की मांग की। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो किसानों के हित में आंदोलन किया जाएगा।

ग्रामीण हरेंद्र सिंह, बचन सिंह, नरेंद्र सिंह, मोनू, प्रमोद कुमार, विजय कुमार, लोकेंद्र सिंह और नेपाल सिंह ने भी प्रशासन से नुकसान का आकलन कराकर पीड़ित किसानों को मुआवजा दिलाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि जर्जर विद्युत लाइनों के कारण किसानों और पशुपालकों की जान-माल पर खतरा बना हुआ है। समय रहते लाइनें नहीं बदली गईं तो भविष्य में भी ऐसे हादसे हो सकते हैं।

इलाहाबास में तीन पशुओं की हो चुकी है मौत

गौरतलब है कि शनिवार को क्षेत्र के गांव इलाहाबास में विद्युत करंट की चपेट में आने से अनुज कुमार के तीन पशुओं की मौत हो गई थी। लगातार सामने आ रही घटनाओं ने विद्युत लाइनों की स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

खेतों में उतर रहा करंट, किसानों में भय

भोकरहेड़ी निवासी किसान मुबश्शिर हुसैन और काजी शफी ने बताया कि शुक्रतारी जंगल में स्थित उनके खेतों के ऊपर से गुजर रही जर्जर विद्युत लाइन गन्ने की फसल को छू रही है। उनके अनुसार, अक्सर खेतों में करंट उतर रहा है और कई बार उन्हें भी करंट लग चुका है। बार-बार शिकायत के बावजूद कोई समाधान नहीं हो रहा है

 

About The Author

Related Posts