अग्निवीर बनने की फाइनल लिस्ट से पहले मौत, तीन बहनों के इकलौते भाई चेतन की सड़क हादसे में गई जान

कार की टक्कर से गई जान, चालक फरार

Published On

रेवाड़ी, सच कहूँ न्यूज। Rewari Road Accident: रेवाड़ी के गांव लूला अहीर निवासी 19 वर्षीय चेतन की सड़क हादसे में मौत हो गई। शनिवार देर शाम गांव दड़ौली की तरफ जाते समय एक कार ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में चेतन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चालक फरार हो गया। चेतन अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया में फिजिकल सहित अन्य टेस्ट पास कर चुका था और परिवार को उसके चयन की उम्मीद थी। जानकारी के अनुसार, चेतन शनिवार शाम घूमने के लिए दड़ौली की तरफ जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में कार ने उसे टक्कर मार दी।

सूचना मिलने पर कोसली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नागरिक अस्पताल पहुंचाया। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है। चेतन तीन बहनों का इकलौता भाई था। करीब ढाई साल पहले उसके पिता ताराचंद का निधन हो गया था। इसके बाद परिवार को चेतन से काफी उम्मीदें थीं। वह अग्निवीर भर्ती के जरूरी टेस्ट पास कर चुका था और परिवार को फाइनल लिस्ट जारी होने का इंतजार था। सेना में भर्ती होकर परिवार का सहारा बनने का उसका सपना था, लेकिन हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

About The Author

Related Posts