Athletics News: समसपुर की बेटी अंजली फोगाट ने नेशनल एथलेटिक्स में मचाया धमाल
जीता स्वर्ण पदक, रिले रेस में भी झटका रजत
Anjali Phogat Gold Medal: भिवानी/चरखी दादरी, (सच कहूँ न्यूज)। दिल्ली में आयोजित 65वीं ओपन नेशनल एथलेटिक्स प्रतियोगिता में गांव समसपुर की बेटी अंजली फोगाट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। 8 से 11 अक्टूबर तक आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अंजली ने महिला 400 मीटर दौड़ को 53.37 सेकंड में पूरा कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
इसके अलावा उन्होंने रिले रेस में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। राष्ट्रीय स्तर पर दोहरी सफलता हासिल करने के बाद अंजली के गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत किया। ग्रामीणों ने अंजली को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया और खुशी में गांव में विजयी जुलूस निकाला। इस दौरान ग्रामीणों में उत्साह का माहौल रहा। अंजली फोगाट ने बताया कि इससे पहले 400 मीटर दौड़ में उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय 54.05 सेकंड था। इस बार उनका लक्ष्य अपने प्रदर्शन में सुधार करते हुए 53 सेकंड के करीब पहुंचना था।
अगला लक्ष्य इंडिया कैंप में चयनित होना
उन्होंने 53.37 सेकंड का समय निकालकर अपने व्यक्तिगत प्रदर्शन में सुधार किया और स्वर्ण पदक हासिल किया। कहा कि उनका अगला लक्ष्य इंडिया कैंप में चयनित होकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करना है। वह एशियन गेम्स और ओलंपिक में खेलकर देश के लिए पदक जीतना चाहती हैं। अंजली ने कहा कि एथलीटों को किसी भी तरह के शॉर्टकट, नशे और डोपिंग से पूरी तरह दूर रहना चाहिए। खिलाड़ियों को प्राकृतिक एवं पौष्टिक आहार लेने के साथ नियमित रूप से कड़ा अभ्यास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मेहनत और अनुशासन के दम पर ही खिलाड़ी अपने लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं।
अंजली के पिता एवं समसपुर के पूर्व सरपंच सुरेंद्र फोगाट ने बेटी की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि अंजली की इस सफलता से पूरा क्षेत्र गौरवान्वित है। उन्होंने कहा कि बेटी ने गांव और जिले के साथ पूरे हरियाणा का नाम रोशन किया है। सुरेंद्र फोगाट ने उम्मीद जताई कि अंजली भविष्य में एशियन गेम्स और ओलंपिक जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश का प्रतिनिधित्व करेगी और तिरंगा लहराएगी। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा खेल और पढ़ाई में अपना ध्यान केंद्रित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अंजली की सफलता क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत है।