शिक्षा और रोजगार
Delhi CJP Protest: अभिजीत दीपके ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया वीडियो, मचा हड़कंप!
Delhi CJP Protest: अभिजीत दीपके ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया वीडियो, मचा हड़कंप!
Delhi CJP Protest: नई दिल्ली: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने आ रहे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के तीन नेताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए गए नेताओं में अभिजीत दीपके, सौरभ दास और आशुतोष रांका शामिल हैं। बताया जा रहा है कि पुलिस तीनों को विमान के दिल्ली पहुंचने के बाद ही अपने साथ ले गई।
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली पुलिस तीनों नेताओं को बस में बैठाकर एयरपोर्ट से ले गई। इस दौरान पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। पुलिस उन्हें गेट नंबर 9 से बाहर लेकर गई। सूत्रों के अनुसार, तीनों को रात तक हिरासत में रखा जा सकता है और आगे के आदेशों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
अभिजीत दीपके ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया वीडियो | Delhi CJP Protest
अभिजीत दीपके ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया है। वीडियो में उन्होंने दिखाया कि विमान के दिल्ली में उतरने के बाद पुलिसकर्मी पहले से ही वहां मौजूद थे। इसके बाद पुलिस ने तीनों नेताओं को हिरासत में ले लिया।
CJP की लीगल टीम की प्रमुख रत्ना सिंह ने भी नेताओं को हिरासत में लिए जाने की जानकारी दी। उन्होंने दावा किया कि पुलिस ने हिरासत में लेने की वजह स्पष्ट नहीं की है।
CJP ने तीनों नेताओं की तत्काल रिहाई की मांग की
कॉकरोच जनता पार्टी के नेता मुंबई से दिल्ली पहुंचे थे। पार्टी ने इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे स्वतंत्र रूप से आवाजाही करने के अधिकार का उल्लंघन बताया। साथ ही, तीनों नेताओं को तत्काल और बिना किसी शर्त के रिहा करने की मांग की।
सूत्रों के मुताबिक, नेताओं की लोकेशन सार्वजनिक नहीं किए जाने की बात भी कही गई है। हालांकि, इस संबंध में दिल्ली पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान सामने आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
क्यों प्रदर्शन करना चाहते थे CJP के नेता?
CJP ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर विरोध-प्रदर्शन का आह्वान किया था। पार्टी की ओर से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मतदाता पंजीकरण से जुड़े दस्तावेजों को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।
पार्टी का आरोप है कि SIR की प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूचियों में गड़बड़ी हुई और मतदाता पंजीकरण के लिए इस्तेमाल होने वाले फॉर्म-6 में बदलाव के मुद्दे पर आपत्तियों को नजरअंदाज किया गया। इन्हीं आरोपों को लेकर पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग कर रही है। फिलहाल इस मामले में पुलिस की कार्रवाई और CJP की मांग को लेकर आगे की जानकारी का इंतजार है।