SIR Latest News: इस जगह SIR की समस्याएं निपटा रहे बीएलओ व अधिकारी
रंजीत नगर में SIR को लेकर विशेष कैंप, मतदाताओं को दे रहे फॉर्म और दस्तावेजों की जानकारी
SIR Camp Delhi: नई दिल्ली (सच कहूँ/एजेंसी)। दिल्ली के रंजीत नगर में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विशेष कैंप आयोजित किया गया है। कैंप का उद्देश्य उन मतदाताओं की मदद करना है, जिन्हें मतदाता सूची में नाम, पता या अन्य विवरण से संबंधित किसी तरह की समस्या आ रही है। कैंप में पहुंचने वाले लोगों के दस्तावेजों की जांच बीएलओ और संबंधित कर्मचारियों द्वारा की जा रही है।
अधिकारियों और कर्मचारियों की ओर से लोगों को SIR की प्रक्रिया समझाने के साथ-साथ आवश्यक फॉर्म और दस्तावेजों के बारे में भी जानकारी दी जा रही है। जिन लोगों को आवेदन भरने या दस्तावेजों से जुड़ी परेशानी है, उन्हें मौके पर ही प्रक्रिया समझाने और आवश्यक सहायता देने की व्यवस्था की गई है।
एआरओ शिवकुमार शर्मा ने बताया कि SIR की प्रक्रिया को लेकर पहले से तैयारियां की गई थीं। उन्होंने कहा कि फॉर्म 6 और 7 जमा करने की निर्धारित अवधि को लोगों की सुविधा को देखते हुए आगे बढ़ाया गया है। अब मतदाता 30 अक्टूबर तक फॉर्म जमा कर सकते हैं। इसके बाद संबंधित प्रक्रिया 30 नवंबर तक पूरी की जाएगी और 4 दिसंबर को अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी।
अधिकारियों के मुताबिक, मतदाता सूची में नया नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म 6 का इस्तेमाल किया जाता है। वहीं, किसी ऐसे व्यक्ति का नाम हटाने के लिए फॉर्म 7 इस्तेमाल किया जाता है, जिसकी मृत्यु हो चुकी हो या जो किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित हो गया हो। इसी तरह, मतदाता सूची में पहले से दर्ज जानकारी में बदलाव या सुधार के लिए फॉर्म 8 का उपयोग किया जाता है। नाम, पता अथवा अन्य विवरण में संशोधन कराने के लिए संबंधित प्रमाण उपलब्ध कराना आवश्यक होता है।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि SIR के तहत घर-घर जाकर भी मतदाताओं के सत्यापन की प्रक्रिया चल रही है। हालांकि, जिन लोगों को घर पर प्रक्रिया पूरी करने में परेशानी हो रही है या जिन्हें फॉर्म और दस्तावेजों को लेकर जानकारी नहीं है, वे विशेष कैंप में पहुंचकर कर्मचारियों से सहायता ले सकते हैं।
कैंप में पहुंचे लोगों ने भी व्यवस्था को उपयोगी बताया। स्थानीय लोगों के अनुसार, SIR की प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों को लेकर कई सवाल थे, लेकिन कैंप में कर्मचारियों ने उनकी समस्याएं सुनकर प्रक्रिया को समझाया। कुछ लोगों को उनके फॉर्म में सुधार कराने में भी सहायता मिली।
अधिकारियों के अनुसार, जरूरत पड़ने पर लोगों को फोन के माध्यम से भी जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। प्रशासन का प्रयास है कि पात्र मतदाताओं को SIR की प्रक्रिया पूरी करने में अनावश्यक परेशानी न हो और मतदाता सूची से संबंधित मामलों का नियमानुसार समाधान किया जा सके।