शिक्षा और रोजगार
Santosh Devi Khedar News: प्रगतिशील महिला किसान संतोष देवी खेदड़ करेंगी राष्ट्रीय महिला किसान दिवस का प्रतिनिधित्व
राजस्थान की इस महिला किसान को मिला राष्ट्रीय मंच, 15 अक्टूबर को दिल्ली में होगा सम्मान
Mahila Kisan Diwas 2026: जयपुर (सच कहूँ न्यूज़)। अंतर्राष्ट्रीय महिला किसान वर्ष-2026 के अवसर पर देशभर में कृषि क्षेत्र में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका, नवाचार एवं योगदान को सम्मानित करने के उद्देश्य से 15 अक्टूबर, 2026 को नई दिल्ली में ‘महिला किसान दिवस-2026’ का आयोजन किया जाएगा। भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा आयोजित इस राष्ट्रीय स्तरीय कार्यक्रम की अध्यक्षता माननीय केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री करेंगे।
इस महत्वपूर्ण आयोजन में देश के प्रत्येक राज्य से कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली एक-एक प्रगतिशील महिला किसान को आमंत्रित किया गया है। इसी क्रम में राजस्थान से सीकर जिले के गांव बेरी की प्रगतिशील महिला किसान संतोष देवी खेदड़ का चयन किया गया है। सक्षम स्तर से अनुमोदन के उपरान्त खेदड़ को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले ‘महिला किसान दिवस-2026’ में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करने के लिए मनोनीत किया गया है।
संतोष देवी खेदड़ ने कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करते हुए महिला किसानों के लिए प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है। उनका चयन प्रदेश की उन महिला किसानों के प्रयासों एवं उपलब्धियों को राष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जो कृषि एवं संबद्ध गतिविधियों के माध्यम से परिवार की आय बढ़ाने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
महिला किसान दिवस-2026 के माध्यम से देशभर की उत्कृष्ट महिला किसानों को अपने अनुभव साझा करने, कृषि क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों एवं सफल प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने तथा अन्य महिला किसानों को प्रेरित करने का अवसर मिलेगा। राजस्थान से संतोष देवी खेदड़ का चयन प्रदेश की महिला किसानों के लिए गौरव का विषय है। यह चयन इस बात को भी रेखांकित करता है कि कृषि क्षेत्र के विकास, नवाचार और आत्मनिर्भर ग्रामीण अर्थव्यवस्था के निर्माण में राजस्थान की महिला किसान निरंतर महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।