शिक्षा और रोजगार
Rekha Rani Success Story: हरियाणा की रेखा रानी ने स्वयं सहायता समूह से खड़ा किया सोया फूड उद्योग
मिल्क खास की इस महिला का स्वयं सहायता समूह से बदला जीवन
यमुनानगर, (सच कहूँ/लाजपतराय)। खंड व्यासपुर के गांव मिल्क खास की रहने वाली रेखा रानी ने वर्ष 2019 में गांव की अन्य महिलाओं के साथ हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़कर वंश नाम से स्वयं सहायता समूह का गठन किया गया। समूह ने शुरूआत में 100 रुपए प्रति माह प्रत्येक सदस्य द्वारा बचत शुरू की, इसके बाद रेखा रानी ने समूह से 5 हजार रुपये लेकर अपनी सिलाई मशीन खरीदी और सिलाई का काम शुरू किया। फिर समूह की बचत से 20 हजार रुपये लेकर सीएससी का काम शुरू किया। उसके बाद वर्ष 2023 में रेखा रानी ने पीएमएफएमई से सैंटर बैंक ऑफ इण्डिया द्वारा 18 लाख का लोन करवाया और रेखा रानी ने कृष्णा सोया फूड उद्योग के नाम से सोया फूड बनाने का काम शुरू किया।
रेखा रानी अब कृष्णा सोया फूड उद्योग में सोया से दूध, सोया टोफू पनीर, सोया दही, सोया लस्सी, सोया बिस्कुट, सोया चाप, आटा, सूजी आदि प्रोडक्ट तैयार किए जा रहे हैं। अब समूह की चार अन्य महिलाएं भी साथ मिलकर काम कर रही हैं और अपनी आजीविका चला रही है। स्वयं सहायता समूह से जुड़ी लाभार्थी महिलाओं ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलने पर सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह के माध्यम से उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने का अवसर मिला है। लाभार्थी रेखा रानी ने बताया कि सरकार द्वारा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए संचालित योजनाओं से उन्हें स्वरोजगार शुरू करने तथा अपनी आमदनी बढ़ाने में सहायता मिली है।