Gramin Awas Yojana: हरियाणा में गरीब परिवारों को जल्द मिलेंगे प्लॉट और मकान
25 दिसंबर को बांटे जाएंगे आवास योजना के आवंटन पत्र
चंडीगढ़, सच कहूँ न्यूज। Haryana News: हरियाणा में अपना घर पाने का इंतजार कर रहे गरीब परिवारों के लिए सरकार ने आवास योजनाओं का काम तेज करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों से कहा है कि पात्र परिवारों को जल्द प्लॉट और मकान दिए जाएं। ग्रामीण आवास योजना के तीसरे चरण के लाभार्थियों को 25 दिसंबर को आवंटन पत्र बांटे जाएंगे। वहीं, शहरों में भी फरीदाबाद, रेवाड़ी, रोहतक और पानीपत सहित अन्य शहरों में प्लॉट आवंटन की प्रक्रिया तेज की जाएगी। मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि मकान बनाने के लिए मिलने वाली आर्थिक सहायता का भुगतान बिना देरी किया जाए।
मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना-2.0 के विकास कार्यों को अलग-अलग समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। इसके पहले चरण का काम दिसंबर 2026, दूसरे चरण का जून 2027 और तीसरे चरण का दिसंबर 2027 तक पूरा किया जाएगा। चौथे चरण के विकास कार्य वर्ष 2028 में पूरे करने का लक्ष्य रखा गया है। जिन गांवों में मकान बनाने के लिए जमीन उपलब्ध नहीं है या मौजूदा जमीन उपयुक्त नहीं है, वहां दूसरी जमीन की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा लंबित नक्शे और विकास कार्य भी जल्द पूरे करने को कहा गया है।
तीसरे चरण के लाभार्थियों को मिलेंगे आवंटन पत्र
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि ग्रामीण आवास योजना के तीसरे चरण में शामिल लाभार्थियों को 25 दिसंबर को प्लॉट के आवंटन पत्र दिए जाएं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि लाभार्थियों की सूची ग्राम सभा के माध्यम से जांची जाए, ताकि किसी अपात्र व्यक्ति को योजना का लाभ न मिले। जमीन से जुड़े विवादों से बचने के लिए साफ मालिकाना हक वाली जमीन ही उपलब्ध कराई जाए। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत अब तक 41,302 मकान बन चुके हैं, जबकि 35,295 मकानों का निर्माण चल रहा है। इस योजना में लाभार्थियों को अब तक 725.08 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने बाकी मकानों का निर्माण जल्द पूरा कराने और जिन लाभार्थियों की किस्तें रुकी हुई हैं, उन्हें जल्द भुगतान करने के निर्देश दिए।
जनवरी 2027 तक पूरे करने होंगे 7,492 मकान
प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के तहत 7,492 मकानों का निर्माण अभी चल रहा है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इन मकानों का काम तेज करके जनवरी 2027 तक पूरा करने के प्रयास करने को कहा। नगर निगम आयुक्तों और जिला नगर आयुक्तों को हर अधूरे मकान की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के लंबित आवेदनों की जांच जल्द पूरी करने, लाल डोरा से जुड़े मामलों को सुलझाने और लाभार्थियों को आर्थिक सहायता देने की प्रक्रिया तेज करने को कहा गया है।
Comments