National Award: लुवास की वैज्ञानिक डॉ. स्वाति रुहिल को मिले दो राष्ट्रीय पुरस्कार
पीएचडी शोध के लिए वेटरनरी रिसर्च और थीसिस अवार्ड से सम्मानित
हिसार, सच कहूँ/मुकेश। Hisar News: लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (लुवास), हिसार के हरियाणा पशु विज्ञान केंद्र, करनाल में कार्यरत वैज्ञानिक डॉ. स्वाति रुहिल ने राष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। उन्हें पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट शोध कार्य के लिए दो प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है। डॉ. स्वाति को उनके पीएचडी शोध के लिए 'डॉ. इंदरजीत सिंह नेशनल अवार्ड फॉर एक्सीलेंस इन ट्रांसलेशनल वेटरनरी रिसर्च' और 'बेस्ट थीसिस अवार्ड' प्रदान किया गया।
बेंगलुरु स्थित आईसीएआर-राष्ट्रीय पशु पोषण एवं शरीर क्रिया विज्ञान संस्थान में आयोजित समारोह में आईसीएआर के उप महानिदेशक डॉ. यशपाल मलिक और बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. इंदरजीत सिंह ने उन्हें सम्मानित किया। कार्यक्रम का आयोजन लीडिंग वूमेन वेटरिनेरियन्स एसोसिएशन आॅफ इंडिया और संस्थान ने संयुक्त रूप से किया था। इन पुरस्कारों के लिए देशभर के विश्वविद्यालयों और शोध संस्थानों से वैज्ञानिकों ने आवेदन किया था। विशेषज्ञ समिति ने शोध कार्यों की गुणवत्ता और वैज्ञानिक महत्व के आधार पर मूल्यांकन किया। लुवास के कुलपति प्रो. डॉ. विनोद कुमार वर्मा ने डॉ. स्वाति रुहिल को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर दो प्रतिष्ठित पुरस्कार मिलना उनकी मेहनत, लगन और शोध के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
Comments