Narnaund News: नारनौंद की चमेली के जर्जर मकान की जगह डेरा सेवादार बनाएंगे नया आशियाना
ग्रामीणों के साथ पांच ब्लॉकों की साध-संगत ने संभाली कमान
Aashiyana Campaign: नारनौंद, (सच कहूँ/मुकेश)। सोशल मीडिया पर वायरल हुई गांव कापड़ो की 85 वर्षीय चमेली की दर्दभरी तस्वीर ने हर किसी को झकझोर दिया। जर्जर मकान में परिवार के साथ जिंदगी गुजार रही बुजुर्ग महिला की परेशानी देखकर समाजसेवियों और ग्रामीणों ने मदद के लिए हाथ बढ़ाए। वहीं पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां की पावन प्रेरणा से डेरा सच्चा सौदा के सेवादार भी सेवा कार्य में जुट गए। वीरवार को पुराने खंडहर मकान को गिराकर नए मकान का निर्माण शुरू कर दिया गया। सेवा कार्य की शुरूआत सेवादारों और ग्रामीणों ने बुजुर्ग चमेली से ही मकान की नींव डलवा कर शुरू करवाया।

मकान निर्माण के लिए आचार्य दलशेर आर्य के नेतृत्व में ग्रामीणों की कमेटी बनाई गई है। कमेटी में अजमेर गोयत, सतबीर शास्त्री, कबड्डी कोच नरेंद्र गोयत, साहिल और सुखबीर गोयत सहित अन्य ग्रामीण शामिल हैं। सर्वसमाज से मिली आर्थिक सहायता से ईंट, सरिया और अन्य निर्माण सामग्री की व्यवस्था की गई है, जबकि मिस्त्री और मजदूरों की जिम्मेदारी डेरा सच्चा सौदा के सेवादारों ने संभाली है। नए मकान में 13*10 फुट के दो कमरे, एक बैठक, रसोई और बाथरूम बनाया जाएगा।
पांच ब्लॉकों की साध-संगत ने निभाई सेवा
सेवा कार्य में सच्चे नम्र सेवादार भाई अन्नू इन्सां, कपिल इन्सां, बलजीत इन्सां, संजय इन्सां, राजकुमार इन्सां, अमीर इन्सां, महेंद्र इन्सां, अजमेर ढांडा इन्सां और सिमर इन्सां, अनिल इन्सां, भवनेश इन्सां और इंदर इन्सां सहित अनेक सेवादार पहुंचे। वहीं खेड़ी जालब से राजू इन्सां, रोहतास इन्सां, राजेंद्र इन्सां व पालाराम इन्सां तथा भाटला से रामनिवास इन्सां ने योगदान दिया। बरवाला ब्लॉक के अलावा भोजराज, टोहाना, नारनौंद ब्लाक से भी साध-संगत भी सेवा कार्य में जुटी रही।
बारिश में टपकती थी छत, हर समय रहता था मकान गिरने का डर
बुजुर्ग चमेली ने बताया कि वह अपनी 55 वर्षीय पुत्रवधू रानी, पोते की बहू रीना और तीन पड़ पोत्रों के साथ इसी जर्जर मकान में रह रही थीं। बारिश के दौरान मकान की छत टपकती थी और परिवार को हर समय मकान ढहने का डर सताता था। चमेली को चिंता रहती थी कि कहीं मकान गिरने से परिवार के सदस्य मलबे में न दब जाएं। अब ग्रामीणों और साध-संगत के सामूहिक प्रयासों से नए मकान का निर्माण शुरू होने पर परिवार को सुरक्षित आशियाने की उम्मीद जगी है। वीरवार को मकान का मलबा हटा कर नींव तक का कार्य पूरा हुआ अब सेवादार आज इस मकान को पूर्ण करने में जुटेंगे।
संकरी गलियों की परवाह किए बिना सेवा में जुटे सेवादार
आचार्य दलशेर आर्य ने बताया कि चमेली बुआ के मकान का वीडियो वायरल होने के बाद समाजसेवियों और गणमान्य लोगों ने आर्थिक सहायता तो जुटाई, लेकिन निर्माण के लिए मिस्त्री और मजदूरों की व्यवस्था करना बड़ी चुनौती थी। ऐसे समय में डेरा सच्चा सौदा के सेवादारों ने आगे आकर यह जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने बताया कि मुख्य गली से मकान तक पहुंचने का रास्ता काफी लंबा और संकरा है। वहां वाहन तक नहीं पहुंच सकता, इसके बावजूद सेवादार पूरे उत्साह के साथ सेवा में जुटे हैं। डेरा सच्चा सौदा के हरियाणा के जिम्मेवार अनु इन्सां ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से चमेली बुआ के जर्जर मकान की जानकारी मिलने के बाद मैनेजमेंट कमेटी से संपर्क किया गया। इसके बाद वीरवार को सेवा कार्य शुरू कर दिया गया। बरवाला, टोहाना, नारनौंद, हांसी और हिसार से पहुंचे सेवादारों ने पहले पुराने मकान का मलबा हटाया और फिर नए मकान की नींव खोदने का काम शुरू किया।
Comments