DRM Gaurav Govil News: डीआरएम गौरव गोविल ने किया लालगढ़–कोलायत रेलखंड पर ट्रैक का गहन निरीक्षण
73 करोड़ रुपये की लागत से हो रहा 45 किलोमीटर ट्रैक का नवीनीकरण
Bikaner Railway Update: बीकानेर (सच कहूँ/लखजीत)। बीकानेर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल ने शुक्रवार को लालगढ़–कोलायत रेलखंड पर चल रहे ट्रैक नवीनीकरण कार्य का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्य की प्रगति, गुणवत्ता एवं संरक्षा मानकों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बीकानेर मंडल के लालगढ़–कोलायत रेलखंड पर लगभग 73 करोड़ रुपये की लागत से 45 किलोमीटर रेलपथ का ट्रैक नवीनीकरण कार्य किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण कार्य के अंतर्गत मात्र चार माह की अवधि में 33 किलोमीटर ट्रैक का नवीनीकरण पूरा कर लिया गया है, जबकि शेष कार्य तीव्र गति से प्रगति पर है।

निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल ने कार्य की गुणवत्ता एवं निर्धारित तकनीकी मानकों का विशेष रूप से जायजा लिया। उन्होंने कार्यरत रेलकर्मियों को पूर्ण सतर्कता एवं निर्धारित संरक्षा नियमों का पालन करते हुए कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य के दौरान एवं कार्य पूर्ण होने के बाद ट्रैक पर किसी भी प्रकार के औजार, उपकरण अथवा निर्माण सामग्री को नहीं छोड़ा जाए तथा कार्यस्थल को पूरी तरह सुरक्षित स्थिति में रखा जाए, ताकि रेल संचालन की संरक्षा प्रभावित न हो।
ट्रैक नवीनीकरण कार्य पूरा होने से रेलपथ की मजबूती एवं वहन क्षमता में वृद्धि होगी। इससे रेल संचालन अधिक सुरक्षित, सुगम एवं अधिक विश्वसनीय बनेगा। बीकानेर मंडल द्वारा इस महत्वपूर्ण कार्य को निर्धारित समयावधि में उच्च गुणवत्ता एवं निर्धारित संरक्षा मानकों के अनुरूप पूरा करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल ने संरक्षित रेल संचालन के लिए रेलपथ के रखरखाव एवं नवीनीकरण कार्यों को उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से पूरा करने पर जोर दिया। इस निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल इंजीनियर देव किशन कुम्हार (पश्चिम) सहित रेलवे के अनेक अधिकारी कर्मचारी एवं उपस्थित रहे।
Comments