कुरुक्षेत्र को 44.83 करोड़ रुपये की 6 विकास परियोजनाओं की सौगात
सीएम सैनी ने किया चार परियोजनाओं का उद्घाटन व दो का शिलान्यास
कुरुक्षेत्र, सच कहूँ/देवीलाल बारना। Kurukshetra News: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को कुरुक्षेत्र जिले के पिपली, लाडवा और थानेसर क्षेत्र को 44 करोड़ 83 लाख रुपये की छह विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने 13 करोड़ 36 लाख रुपये की चार परियोजनाओं का उद्घाटन तथा 31 करोड़ 47.40 लाख रुपये की दो परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प के अनुरूप हरियाणा को देश का अग्रणी विकसित राज्य बनाने के लिए कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री नीलधारी गुरुद्वारा पिपली साहिब परिसर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार ने विधानसभा चुनाव के संकल्प-पत्र में शामिल 217 संकल्पों में से 76 को दो वर्षों में पूरा किया है, जबकि शेष 141 पर काम जारी है। विकास का वास्तविक आकलन आम नागरिक को मिलने वाली सुविधाओं से होता है। मुख्यमंत्री ने बताया कि पिपली, बीड़ पिपली और पिपली-लाडवा रोड की कॉलोनियों में सीवरेज व्यवस्था तथा 6.50 एमएलडी क्षमता के पंपिंग स्टेशन पर 22.47 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे क्षेत्र की पुरानी जल निकासी समस्या का स्थायी समाधान होगा। सेक्टर-28 और जोगना खेड़ा में 12.25 करोड़ रुपये की लागत से बने 33 केवी के दो बिजली सब-स्टेशन भी शुरू किए गए हैं। मिजार्पुर और दयालपुर में उप-स्वास्थ्य केंद्रों का उद्घाटन किया गया है।
9 करोड़ से होगा केडीबी रोड का सौंदर्यीकरण
धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वागत के लिए 9 करोड़ रुपये की लागत से केडीबी रोड का नवीनीकरण एवं सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इसके साथ भव्य कुरुक्षेत्र द्वार और उमरी द्वार का निर्माण होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुरुक्षेत्र में विकास और विरासत को साथ लेकर आगे बढ़ा जा रहा है। लाडवा में 50 बेड का नागरिक अस्पताल बनाया गया है और करीब 400 करोड़ रुपये की लागत से कुरुक्षेत्र का एलिवेटेड रेलवे ट्रैक जनता को समर्पित किया जा चुका है। खेड़ी रामनगर में नर्सिंग कॉलेज का निर्माण भी जारी है।
Comments