ऊंचागांव में महापंचायत, रोड जाम व हंगामा, पुलिस ने संभाली स्थिति
युवती के घर वापसी की मांग पर अड़े हिन्दू संगठन के लोग, पुलिस को दिया दो दिन का अल्टीमेटम
कैराना, सच कहूँ न्यूज़। Kairana News: ऊंचागांव में युवती की बरामदगी को लेकर आयोजित महापंचायत में पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों के न पहुंचने पर लोगो का गुस्सा भड़क गया, जिस पर महापंचायत में मौजूद आक्रोशित लोगों ने कैराना-कांधला मार्ग पर पहुंचकर सड़क पर जाम लगा दिया। हालांकि मौके पर पहुंचे कैराना कोतवाल के समझाने पर सड़क जाम करके हंगामा कर रहे लोगो ने रास्ता खोल दिया। पुलिस-प्रशासन को दो दिनों के भीतर युवती की घर वापसी तथा आरोपी युवक व उसके परिजनों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही किये जाने का अल्टीमेटम दिया गया है।
रविवार को युवती की बरामदगी को लेकर ऊंचागांव के प्राचीन शिवमन्दिर में हिन्दू संगठनों के लोगो के द्वारा महापंचायत आयोजित की गई। पंचायत में विभिन्न हिन्दू संगठनों के लोग एवं ग्रामीण मौजूद थे। वह युवती की सकुशल घर वापसी की मांग कर रहे थे। इसी दौरान लोगो ने किसी भी पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी के पंचायत में न पहुंचने पर हंगामा शुरू कर दिया। आक्रोशित लोग कैराना-कांधला मार्ग पर पहुंच गए और सड़क जाम करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सड़क जाम किये जाने की सूचना पर कैराना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा सड़क जाम कर रहे लोगो को समझाने का प्रयास किया। कोतवाल के समझाने पर हंगामा कर रहे लोगो ने मार्ग खोल दिया और वापिस पंचायत में आकर बैठ गए।
बाद में सीओ कैराना हेमंत कुमार भी पंचायत कर रहे लोगो के बीच में पहुंचे और उनकी बात को गम्भीरता से सुना। पंचायत में मौजूद हिन्दू संगठनों के पदाधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि वह हर हालत में लड़की के घर वापसी चाहते है। इसके लिए पुलिस को दो दिन का समय दिया गया। ऐसा न होने पर कैराना कूच करने की चेतावनी दी गई है। इस दौरान योगी डॉ. गौतमनाथ, रोहित प्रधान सनातनी, रविन्द्र प्रधान, अनिरुद्ध चौहान, नितिन चौधरी, वीशू शर्मा, दक्ष चौधरी, अक्कू पंडित, भगवान सिंह मलिक, अश्वनी कौशिक, सुमित शर्मा, अश्वनी शर्मा, अंशुल शर्मा, सोनू शर्मा, विशाल सैनी आदि मौजूद रहे।
यह है मामला...
विगत 02 नवंबर को कैराना क्षेत्र के ऊंचागांव की एक युवती को हरियाणा के यमुनानगर का रहने वाले मुस्लिम युवक अपने साथ भगा ले गया था। युवती बड़ौत के एक कॉलेज से मेडिकल की पढ़ाई कर रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक कांधला में अपनी रिश्तेदारी में रह रहा था। युवती की बरामदगी न होने पर उसकी माँ ने विगत 12 नवंबर को जनपद मुजफ्फरनगर के बघरा आश्रम के स्वामी यशवीर महाराज के पास पहुंचकर अपनी पीड़ा व्यक्त की थी। स्वामी यशवीर महाराज ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करके प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित करते हुए सवाल उठाए थे। उन्होंने युवती की शीघ्र बरामदगी की मांग की थी।
योगी डॉ. गौतमनाथ ने भी मामले को गम्भीरता से लेते हुए पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों से वार्ता की थी। परिणामस्वरूप, 12 नवंबर की देर रात्रि पुलिस ने आरोपी युवक, उसके माता-पिता, भाई व मामा के विरुद्ध जबरन धर्म परिवर्तन तथा अपहरण की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। मामला अखबारों की सुर्खियां बनने पर सोशल मीडिया पर भी खूब प्रसारित हुआ। प्रकरण को लेकर विभिन्न हिन्दू संगठनों के लोगो ने भी तीखी प्रतिक्रियाएं व्यक्त की। इसके बाद, हिन्दू संगठन के पदाधिकारियों ने युवती की बरामदगी को लेकर रविवार को ऊंचागांव में महापंचायत आयोजित करने का निर्णय लिया था। बताया जा रहा है कि पुलिस ने विगत शनिवार की रात्रि में ही युवती को बरामद कर लिया था। पुलिस मजिस्ट्रेट के समक्ष बरामद युवती के बयान कराने की तैयारी कर रही है।
Comments