हर्ष सिसौदिया मौत प्रकरण में उठे कई सवाल, कॉलेज प्रशासन से मिले परिजन

गेट पास का रिकॉर्ड नहीं मिला, हॉस्टल में पुलिस पहुंचने को लेकर भी विरोधाभासी जानकारी; कॉलेज ने कहा—जांच जारी, दोषी मिलने पर होगी कार्रवाई

Published On

नानौता/गाजियाबाद, सच कहूँ न्यूज़। Nanauta News: गाजियाबाद के मेरठ रोड स्थित आरकेजीआईटी (राजकुमार गोयल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी) के हॉस्टल की छठी मंजिल से गिरकर जान गंवाने वाले बीटेक प्रथम वर्ष के छात्र हर्ष सिसौदिया की मौत के मामले में शुक्रवार को मृतक के पिता अरविंद सिसौदिया व अन्य परिजन कॉलेज प्रशासन से मिले। परिजनों ने कॉलेज प्रशासन के समक्ष छात्र की मौत से जुड़े कई सवाल उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की।

परिजनों के अनुसार, हर्ष सिसौदिया पुत्र अरविंद सिसौदिया निवासी, नानौता, जनपद सहारनपुर आरकेजीआईटी में बीटेक प्रथम

वर्ष का छात्र था। परिजनों का आरोप है कि हॉस्टल में कुछ छात्र उसे परेशान कर रहे थे और इसी रैगिंग को उसकी मौत से जोड़कर देखा जा रहा है। घटना के बाद कॉलेज प्रशासन द्वारा मामले की जांच के लिए कमेटी गठित किए जाने की बात कही गई है।

गेट पास को लेकर सामने आया अहम सवाल

शुक्रवार को कॉलेज प्रशासन से हुई बातचीत के दौरान एक महत्वपूर्ण बिंदु सामने आया। परिजनों के अनुसार, कॉलेज प्रशासन के रिकॉर्ड में हर्ष के हॉस्टल से बाहर जाने का कोई गेट पास नहीं मिला। यह भी सामने आया कि छात्र के बाहर जाने के संबंध में गेट पास बनाए जाने का रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं है। पुलिस प्रशासन की ओर से भी इस संबंध में गेट पास नहीं होने की बात स्वीकार किए जाने की जानकारी परिजनों ने दी है।

ऐसे में सवाल उठ रहा है कि यदि छात्र हॉस्टल से बाहर गया था तो वह किस प्रक्रिया के तहत बाहर गया और इसका कॉलेज के रिकॉर्ड में कोई उल्लेख क्यों नहीं है। इस बिंदु को भी जांच में शामिल किया गया है।

हॉस्टल में पुलिस पहुंचने को लेकर विरोधाभासी जानकारी

परिजनों ने हॉस्टल में पुलिस पहुंचने को लेकर भी सवाल उठाया। मृतक के पिता अरविंद सिसौदिया के मुताबिक, घटना के बाद हॉस्टल के वार्डन ने उन्हें फोन पर बताया था कि हॉस्टल में पुलिस पहुंची है।

 वहीं शुक्रवार को कॉलेज के डीन आरके गर्ग ने परिजनों को बताया कि पांच नवंबर की रात हॉस्टल में पुलिस नहीं पहुंची थी।

पुलिस के हॉस्टल पहुंचने अथवा नहीं पहुंचने को लेकर सामने आई इस अलग-अलग जानकारी ने मामले में एक और सवाल खड़ा कर दिया है। परिजनों ने कॉलेज प्रशासन से इस संबंध में स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की है।

साथियों द्वारा परेशान किए जाने का आरोप, जांच जारी

परिजनों ने कॉलेज प्रशासन से यह भी पूछा कि हर्ष को कथित रूप से परेशान करने वाले छात्र कौन थे और उनके खिलाफ अब तक क्या कार्रवाई की गई है। कॉलेज प्रशासन की ओर से बताया गया कि मामले की जांच चल रही है तथा जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

कॉलेज प्रशासन के अनुसार, मामले की जांच के लिए गठित कमेटी में संबंधित पक्षों को शामिल किया गया है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

शुक्रवार को परिजन हर्ष का सामान लेकर लौटे

कॉलेज प्रशासन से बातचीत के बाद मृतक के परिजन हॉस्टल पहुंचे और हर्ष का सामान अपने साथ ले गए। परिजनों ने कॉलेज प्रशासन के समक्ष अपनी आपत्तियां और सवाल रखे। उनका कहना है कि बेटे की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाना जरूरी है और यदि किसी स्तर पर लापरवाही या उत्पीड़न सामने आता है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

उल्लेखनीय है कि अखबार की पूर्व प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, हर्ष सिसौदिया गुरुवार रात करीब सवा नौ बजे अपने पिता अरविंद सिसौदिया से फोन पर अंतिम बार बातचीत कर रहा था। इसके बाद शुक्रवार सुबह उसके हॉस्टल की छठी मंजिल से गिरने की घटना सामने आई। पुलिस ने घायल छात्र को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई। परिजनों ने रैगिंग को लेकर कॉलेज प्रशासन से शिकायत की थी।

अब कॉलेज में गठित जांच कमेटी की रिपोर्ट से यह स्पष्ट होने की उम्मीद है कि हर्ष हॉस्टल से किस परिस्थिति में बाहर गया, गेट पास क्यों नहीं बना, कथित रूप से उसे परेशान करने वाले छात्र कौन थे और घटना से पहले तथा बाद में हॉस्टल प्रशासन एवं अन्य संबंधित पक्षों की क्या भूमिका रही। जांच रिपोर्ट के बाद ही इन सवालों का तथ्यात्मक जवाब सामने आ सकेगा।


About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts