‘युद्ध नशों के विरुद्ध’: अमृतसर में निकाली विशाल बाइक रैली, किया जागरूक
1,000 से अधिक युवाओं ने लिया हिस्सा
अमृतसर, सच कहूँ/राजन मान। Amritsar News: ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान को निर्णायक चरण में ले जाते हुए शुक्रवार को गुरु नगरी अमृतसर में विशाल बाइक रैली निकाली गई। रंजीत एवेन्यू के दशहरा ग्राउंड से शुरू हुई इस रैली में 1,000 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और नशों के पूरी तरह खात्मे का संकल्प लिया। यह रैली दशहरा ग्राउंड से शुरू होकर ट्रिलियम मॉल, मजीठा रोड, संत सिंह सुखा सिंह चौक, नॉवेल्टी चौक, क्रिस्टल चौक, भंडारी पुल, अल्फा वन और तारांवाला पुल से यू-टर्न लेते हुए बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, रियाल्टो चौक और कचहरी चौक से होते हुए वापस दशहरा ग्राउंड पहुंचकर सम्पन्न हुई।
रैली को संबोधित करते हुए पंजाब के लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने कहा कि पंजाब में किसी भी कीमत पर नशों का कारोबार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नशों की बुराई को जड़ से खत्म करने के लिए ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान को और बड़ा जन आंदोलन बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान की सफलता केवल सरकार के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज के हर वर्ग को एकजुट होकर अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। विधानसभा हलका अमृतसर दक्षिणी के विधायक डॉ. इन्द्रबीर सिंह निज्जर ने युवाओं से नशों से दूर रहकर पढ़ाई और खेलों से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक और पवित्र शहर अमृतसर से निकाली गई यह बाइक रैली ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के निर्णायक चरण की शुरूआत है। नशों के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार या पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इसमें अपना योगदान देना चाहिए।
Comments