Online Scam: ऑनलाइन ठगी का शिकार हुआ युवक, खाते से 2.47 लाख रुपए का लगाया चूना
युवक की शिकायत पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज, पुलिस ने शुरू की जांच
Rawatsar Online Scam: हनुमानगढ़ (सच कहूँ/हरदीप सिंह)। ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। अब रावतसर थाना क्षेत्र के चक 22 एजी निवासी एक युवक से 2 लाख 47 हजार 677 रुपए की ऑनलाइन ठगी होने का मामला सामने आया है। ठगी का शिकार हुए युवक की शिकायत पर रावतसर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार वार्ड नंबर 6, चक 22 एजी निवासी कालूराम (29) पुत्र बंशीलाल नाई ने शिकायत दी कि वह ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी का शिकार हुआ है। किसी अज्ञात व्यक्ति ने अपनी गलत पहचान बताकर उसे विश्वास में लिया और छलपूर्वक 2 लाख 47 हजार 677 रुपए की राशि प्राप्त कर ली। शिकायत में फर्जी दस्तावेज अथवा इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड का इस्तेमाल कर उन्हें वास्तविक बताने का भी आरोप लगाया गया है। परिवादी ने मामले में कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया। प्रकरण की जांच उपनिरीक्षक मुकेश कुमार को सौंपी गई है।
Comments