Hanumangarh Patwari Protest: मारपीट की घटना के विरोध में पटवारियों ने काली पट्टी बांधकर किया कार्य
मांग पूरी नहीं होने पर पंचायती राज चुनाव में आंदोलन तेज करने की चेतावनी
हनुमानगढ़। पीलीबंगा तहसील के गांव माणकथेड़ी के पटवारी देवीलाल मेघवाल के साथ सूरतगढ़ थाना प्रभारी कलावती चौधरी की ओर से कथित मारपीट किए जाने की घटना के विरोध में पटवारियों का आंदोलन लगातार जारी है। दोषी अधिकारी एवं कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर सोमवार को हनुमानगढ़ जिले के सभी पटवारियों ने काली पट्टी बांधकर कार्य किया।
सोमवार को पंचायती राज चुनाव के तीसरे चरण के मतदान के लिए जंक्शन स्थित डीएवी कॉन्वेंट स्कूल के खेल मैदान से मतदान दलों की निर्धारित मतदान केन्द्रों के लिए रवानगी के दौरान भी पटवारियों ने काली पट्टी बांधकर अपना विरोध दर्ज करवाया। पटवारियों ने सरकार और प्रशासन से मांग की कि पटवारी देवीलाल के साथ मारपीट के मामले में दोषी अधिकारी एवं कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर उन्हें न्याय दिलाया जाए।
राजस्थान पटवार संघ के जिलाध्यक्ष कृष्ण दहिया ने बताया कि इस घटना के विरोध में जिले के पटवारी लगातार आंदोलनरत हैं। आंदोलन के दौरान बीकानेर रेंज के आईजीपी, संभागीय आयुक्त बीकानेर, जिला कलक्टर श्रीगंगानगर, जिला पुलिस अधीक्षक श्रीगंगानगर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीगंगानगर से कई बार मुलाकात कर ज्ञापन एवं संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत किए जा चुके हैं। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
दहिया ने कहा कि सरकार को सूरतगढ़ थाना प्रभारी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। मांग पूरी नहीं होने पर पटवारी पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के दौरान भी काली पट्टी बांधकर कार्य करते हुए आंदोलन जारी रखेंगे। आगामी दिनों में विरोध को और तेज किया जाएगा तथा आचार संहिता हटते ही आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा।
Comments