शिक्षा और रोजगार
Rajasthan Rain Alert: राजस्थान में बारिश व ओलावृष्टि को लेकर मौसम विभाग ने दिया बड़ा अपडेट
29-30 अक्टूबर को हो सकती है बारिश व ओलावृष्टि, बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान 'अर्णव' का असर
Rajasthan Weather Update: हनुमानगढ़ (सच कहूँ/हरदीप सिंह)। राजस्थान में एक बार फिर मौसम में बदलाव होने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में बना अति भीषण चक्रवाती तूफान 'अर्णव' बुधवार सुबह आंध्र प्रदेश और यनम तट से टकराकर जमीन पर पहुंच गया। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के अनुसार, इसके प्रभाव से प्रदेश में पूर्वी हवाएं सक्रिय होने तथा 29 और 30 अक्टूबर को एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की प्रबल संभावना है। इसके चलते प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाने, मेघगर्जन, तेज हवाएं चलने और बारिश होने के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, जयपुर, अजमेर, कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में 29-30 अक्टूबर को बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने तथा हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। जयपुर और भरतपुर संभाग के उत्तरी हिस्सों में मध्यम से तेज बारिश होने के साथ कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है। वहीं, 31 अक्टूबर को पूर्वी राजस्थान के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।
पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के पूर्वी हिस्सों में भी 29-30 अक्टूबर को मौसम बदलने की संभावना है। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं मेघगर्जन और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि, राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के अनुसार, चक्रवाती तूफान 'अर्णव' के अगले छह घंटों में धीरे-धीरे आगे बढ़ने और कमजोर होने की प्रबल संभावना है। इसके प्रभाव से प्रदेश में पूर्वी हवाओं की सक्रियता बढ़ सकती है।
Comments