Roadways Bus Accident: हांसी-भिवानी रोड पर कैंटर से टकराई रोडवेज बस, कंडक्टर समेत 4 घायल

बस में सवार थीं करीब 60 सवारियां, कार को बचाने के प्रयास में हादसा होने की चालक ने बताई वजह; पुलिस जांच में जुटी

Published On

हांसी, सच कहूँ/मुकेश। Roadways Bus Accident: हांसी-भिवानी रोड पर ढाणी कुशाल के आगे रोहतक-हांसी रेलवे लाइन पार करते ही बुधवार दोपहर हरियाणा रोडवेज की बस सड़क किनारे खड़े कैंटर से टकरा गई। हादसे में बस का अगला शीशा टूट गया और कंडक्टर गजेंद्र समेत 3-4 यात्रियों को चोटें आईं। घायलों को हांसी के सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया। हादसे के समय बस में करीब 60 सवारियां थीं। बस चालक रामपाल ने बताया कि वह दोपहर करीब डेढ़ बजे हिसार से बस लेकर चरखी दादरी के लिए रवाना हुआ था। रेलवे लाइन पार करने के बाद पीछे से आ रही कार को बचाने के प्रयास में बस मोड़नी पड़ी। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े कैंटर का बाहर निकला कोना बस से टकरा गया। टक्कर के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

कैंटर मालिक ने तेज रफ्तार को बताया वजह

कैंटर मालिक संजय के अनुसार, उनका चालक अंकित सिकंदरपुर निवासी है, जो कैंटर सड़क किनारे खड़ा कर खाना खाने घर गया था। हादसे में कैंटर सड़क से करीब दो-तीन फीट नीचे उतर गया और उसे नुकसान पहुंचा। संजय ने आरोप लगाया कि घटनास्थल से करीब 10 मीटर पीछे ब्रेकर है और बस की रफ्तार तेज होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया। वहीं, बस चालक ने कार को बचाने के प्रयास में हादसा होने की बात कही है। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम और बवानी खेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस हादसे की जांच कर रही है। घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद होगी।

 

About The Author

Related Posts