शिक्षा और रोजगार
Saras Sweets: राजस्थान में दीपावली के लिए सरस की खास तैयारी, 275 टन मिठाइयां होंगी उपलब्ध
‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ के तहत खास मिठाइयों को प्राथमिकता
जयपुर, सच कहूँ/गुरजंट सिंह धालीवाल। Jaipur News: दीपावली के पावन पर्व पर राजस्थान के घरों तक शुद्धता, गुणवत्ता और मिठास पहुंचाने के उद्देश्य से राजस्थान कोऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन (आरसीडीएफ) के अंतर्गत प्रदेश के जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघों ने विशेष तैयारियां की हैं। इस दीपावली पर प्रदेशभर में सरस ब्रांड के माध्यम से करीब 275 टन मिठाइयां बिक्री के लिए उपलब्ध कराई जाएंगी। सरस घी से निर्मित मिठाइयों, गुणवत्ता और बाजार की तुलना में किफायती कीमतों पर उपलब्धता पर विशेष जोर दिया जाएगा।
आरसीडीएफ की प्रबंध संचालक श्रीमती श्रुति भारद्वाज ने जिला दुग्ध संघों को दीपावली के दौरान मिठाइयों की पर्याप्त उपलब्धता, गुणवत्ता और समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इस पहल में ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ की भावना के अनुरूप विभिन्न जिलों की पारंपरिक एवं विशिष्ट मिठाइयों को प्रमुखता दी जाएगी, जिससे राजस्थान के स्थानीय स्वाद और मिठाई संस्कृति को बढ़ावा मिल सके।
गुणवत्ता और किफायती कीमत पर विशेष जोर
दीपावली पर उपभोक्ताओं को सरस द्वारा गुणवत्तापूर्ण मिठाइयां उपलब्ध कराने की तैयारी की गई है। सरस घी से निर्मित मिठाइयां और किफायती कीमतें इस पहल की प्रमुख विशेषताएं होंगी। सरस का प्रयास रहेगा कि उपभोक्ताओं को त्योहार पर स्वाद, गुणवत्ता और उचित मूल्य के साथ मिठाइयों के विविध विकल्प उपलब्ध हों।
सरस की मिठाइयां उपभोक्ताओं को आसानी से उपलब्ध कराने के लिए इन्हें चिह्नित सरस बूथों, सरस पार्लरों तथा ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी बिक्री के लिए उपलब्ध कराया जाने का प्रयास किया जाएगा। इससे उपभोक्ता अपनी सुविधानुसार मिठाइयां खरीद सकेंगे।
‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ की तर्ज पर मिठाइयां
प्रदेश के विभिन्न जिलों की पारंपरिक एवं विशिष्ट मिठाइयों को दीपावली पर विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। इसके तहत जोधपुर की मावा कचौरी, अजमेर की पेड़ा, बर्फी, शुगर-फ्री पेड़ा एवं शुगर-फ्री बर्फी, हनुमानगढ़ की कलाकंद, काजू पिन्नी, बेसन लड्डू, केसर बर्फी एवं केसर पेड़ा, अलवर की कलाकंद, कोटा की कलाकंद, बर्फी एवं पेड़ा, उदयपुर की बर्फी एवं पेड़ा, भीलवाड़ा की काजू कतली, बर्फी एवं पेड़ा जयपुर के गुलाब जामुन, रसगुल्ला, पेड़ा, लड्डू, काजू कतली एवं बूंदी के लड्डू ग्राहकों को उपलब्ध कराए जाएंगे। इस पहल से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों की पारंपरिक मिठाइयों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने तथा स्थानीय उत्पादों की पहचान को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
जयपुर डेयरी बेचेगी करीब 70 टन मिठाइयां
दीपावली के अवसर पर जयपुर डेयरी ने करीब 70 टन मिठाइयों की बिक्री का लक्ष्य रखा है। गुलाब जामुन, रसगुल्ला, पेड़ा, लड्डू, काजू कतली और बूंदी के लड्डू जैसे लोकप्रिय उत्पाद बिक्री के लिए उपलब्ध कराए जाएंगे। जयपुर डेयरी का प्रयास रहेगा कि त्योहार के दौरान उपभोक्ताओं को सरस की मिठाइयां सुविधाजनक रूप से उपलब्ध हों तथा वे गुणवत्ता और उचित कीमत के साथ खरीदारी कर सकें।