Bhajan Lal Death News: 'भजनलाल' की सड़क हादसे में मौत, हादसे के बाद चालक फरार
ढाणी से गांव लौटते समय हुआ हादसा, गंभीर घायल को अस्पताल ले गए ग्रामीण
हनुमानगढ़। रावतसर थाना क्षेत्र के हरदासवाली (डेरबास) गांव के रास्ते में ट्रैक्टर की टक्कर से मोटर साइकिल सवार अधेड़ की मौत हो गई। हादसा शाम करीब सात बजे हुआ। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। रावतसर थाना पुलिस ने मृतक के भतीजे की रिपोर्ट पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी रिपोर्ट में अंकित (25) पुत्र भोजराज जाट निवासी हरदासवाली (डेरबास) तहसील रावतसर ने बताया कि उसके चाचा भजनलाल पुत्र सुल्तानराम जाट 13 अक्टूबर की शाम करीब सात बजे अपनी ढाणी से मोटर साइकिल नंबर आरजे 13 एसएच 0268 पर गांव आ रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक ट्रैक्टर ने उनकी मोटर साइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से भजनलाल सड़क किनारे गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल भजनलाल को निजी वाहन से रावतसर के राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना से परिवार में शोक छा गया। परिवादी अंकित ने पुलिस को दी रिपोर्ट में आरोप लगाया कि ट्रैक्टर चालक तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसके चाचा की मोटर साइकिल को टक्कर मारकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर मृतक का शव पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। प्रकरण की जांच सहायक उपनिरीक्षक मांगेराम मोठसरा को सौंपी गई है। पुलिस मामले में दुर्घटना के कारणों और ट्रैक्टर चालक के संबंध में जांच कर रही है।