Hanumangarh News: भाई से विवाद के बाद कापा लेकर घूम रहा युवक गिरफ्तार

2 केएनजे में पुलिस ने दबिश देकर पकड़ा, आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज

Published On

हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। जंक्शन थाना क्षेत्र के गांव 2 केएनजे में भाई के साथ विवाद के बाद कापा लेकर घूम रहे एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लोहे का धारदार कापा बरामद कर उसे जब्त कर लिया। जंक्शन पुलिस थाना में आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, सहायक उपनिरीक्षक लालचंद गश्त पर थे। इस दौरान हाउसिंग बोर्ड बाइपास, मक्कासर और शहर के बाजार में गश्त की गई।

इसी दौरान 2 केएनजे निवासी सुरेंद्र ने पुलिस को सूचना दी कि उसके भाई नरेश कुमार ने उसके खिलाफ परिवाद दिए जाने से नाराज होकर परिवार के लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी है और उसके हाथ में कापा है। सूचना पर पुलिस टीम गांव 2 केएनजे में सुरेंद्र के मकान के पास पहुंची। वहां एक व्यक्ति हाथ में कापा लिए दिखाई दिया। पुलिस की जीप देखकर वह मकान के अंदर की तरफ भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर उसे कापे सहित पकड़ लिया।

पूछताछ में उसने अपना नाम नरेश कुमार (38) पुत्र शिशपाल निवासी 2 केएनजे बताया। पुलिस ने आरोपी से कापा रखने का लाइसेंस या परमिट मांगा, लेकिन वह प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने कापा जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच सहायक उपनिरीक्षक निकूराम को सौंपी है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में सहायक उपनिरीक्षक लालचंद, कांस्टेबल भीमसेन और अजायब सिंह शामिल रहे।

About The Author

Related Posts