किस्तें जमा कराने के बावजूद बकाया बताकर धमकाने और मारपीट का आरोप

फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों पर मामला दर्ज, लोन ट्रांसफर कराने के बाद किस्तों की रकम हड़पने का आरोप

Published On

Home loan installments: हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। होम लोन की किस्तें जमा कराने के बावजूद बकाया बताकर धमकाने, मारपीट करने और किस्तों की रकम कंपनी में जमा नहीं करवाकर हड़पने के आरोप में उम्मीद फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों सहित अन्य लोगों के खिलाफ टाउन थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस ने अदालत में पेश इस्तगासे के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, वार्ड नंबर 46, टाउन निवासी गुलाब सिंह पुत्र फूलचंद ने इस्तगासे में बताया कि उसने इंडिया शेल्टर फाइनेंस कंपनी से करीब 6.50 लाख रुपए का होम लोन लिया था और नियमित रूप से किस्तें जमा करवा रहा था। इसी दौरान उम्मीद फाइनेंस कंपनी के क्रेडिट मैनेजर निशांत जैन ने उसे लोन ट्रांसफर करवाने पर किस्तें और ब्याज कम करवाने का भरोसा दिया। इस पर उसने अपना लोन उम्मीद फाइनेंस कंपनी में ट्रांसफर करवा लिया।

परिवादी के अनुसार, इसके बाद वह कंपनी के कर्मचारियों और नामजद आरोपियों को समय-समय पर किस्तों की राशि जमा करवाता रहा। आरोप है कि करीब छह-सात महीने पहले कंपनी का कर्मचारी प्रीत 6-7 अन्य लोगों के साथ उसके घर पहुंचा और बकाया किस्तें जमा करवाने की बात कहते हुए उसकी पत्नी को धमकाया। पत्नी ने किस्तें जमा करवाने की बात कही तो आरोपियों ने गाली-गलौज और मारपीट की। मोहल्ले के लोग एकत्रित होने पर सभी वहां से चले गए।

गुलाब सिंह ने आरोप लगाया कि जमा करवाई गई किस्तों के संबंध में कंपनी कर्मचारियों से पूछने पर उसे संतोषजनक जवाब नहीं मिला। करीब 10 दिन पहले प्रीत से इस बारे में पूछने पर उसने रकम हड़पने और कंपनी में जमा नहीं करवाने की बात कही। पुलिस ने इस्तगासे के आधार पर प्रीत, निशान्त जैन व 6-7 अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच उपनिरीक्षक सुशील कुमार को सौंपी गई है।

About The Author

Related Posts