Hanumangarh Ethanol Tanker Fire: गुजरात से पंजाब जा रहे इथेनॉल से भरे टैंकर में लगी भीषण आग
32 एनडीआर गांव के पास अलसुबह 4 बजे हुआ हादसा, घंटों मशक्कत के बाद बुझाई जा सकी आग
हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। टाउन थाना क्षेत्र में 32 एनडीआर गांव के पास सोमवार अलसुबह केमिकल (इथेनॉल) से भरे एक टैंकर में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि टैंकर धू-धूकर जलने लगा। टैंकर में सवार ड्राइवर और खलासी ने समय रहते बाहर कूदकर अपनी जान बचाई। केमिकल से भरे टैंकर में आग लगने की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर हनुमानगढ़, पीलीबंगा और रावतसर से दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार टैंकर नंबर एनएल 01 एएफ 8851 गुजरात से पंजाब के बरनाला जा रहा था। सोमवार अल सुबह करीब 4 बजे रावतसर की तरफ से पीलीबंगा की ओर जाते समय पंडितांवाली से करीब चार किलोमीटर पहले 32 एनडीआर गांव के पास टैंकर में आग लग गई। आग लगते ही ड्राइवर और खलासी ने सूझबूझ दिखाते हुए टैंकर से छलांग लगा दी, जिससे दोनों की जान बच गई और बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना मिलते ही हनुमानगढ़, पीलीबंगा और रावतसर से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।
दमकलकर्मियों ने लगातार आग बुझाने के प्रयास किए, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि सुबह करीब 9 बजे तक भी उस पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका था। घंटों मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी। केमिकल से भरे टैंकर में आग लगने के कारण मौके पर एहतियातन स्थिति पर नजर रखी गई। हनुमानगढ़ टाउन थाना पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। फिलहाल टैंकर में आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Comments