शिक्षा और रोजगार
Panchayat Elections: 104 साल की बुजुर्ग ने डाला वोट, पल्लू सबसे आगे
7.28 लाख मतदाताओं में से 1.75 लाख ने किया मताधिकार का प्रयोग
हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तीसरे चरण के तहत जिले की छह पंचायत समितियों की 204 ग्राम पंचायतों में गुरुवार को सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए मतदान जारी है। सुबह 7 बजे शुरू हुई मतदान प्रक्रिया के दौरान सभी क्षेत्रों में शांतिपूर्ण ढंग से मतदान शुरू हुआ। सुबह 10 बजे तक जिले में कुल 24.10 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इस दौरान कुल 7,28,911 मतदाताओं में से 1,75,641 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके थे। मतदान को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह नजर आ रहा है। युवा मतदाताओं से लेकर बुजुर्गों तक लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी निभाते दिखाई दे रहे हैं।
सुबह से ही मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 में युवा मतदाताओं ने भी लोकतंत्र के महापर्व में उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। युवाओं ने मतदान केन्द्रों पर पहुंचकर अपने मताधिकार का उपयोग किया और लोकतांत्रिक व्यवस्था को सशक्त बनाने में योगदान दिया। पहली बार मतदान करने वाले युवा मतदाताओं में भी अपने मताधिकार को लेकर उत्साह दिखाई दिया। तीसरे चरण में हनुमानगढ़ जंक्शन, पीलीबंगा, नोहर, पल्लू, भादरा एवं राजपुरा (8 बीएचडी) पंचायत समितियों की ग्राम पंचायतें शामिल हैं। इन पंचायत समितियों की 204 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए कुल 873 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। वहीं पल्लू पंचायत समिति की दनियासर ग्राम पंचायत में सरपंच पद पर एकमात्र प्रत्याशी इंद्रा देवी पत्नी भागीरथ को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया जा चुका है। इसके चलते वहां सरपंच पद के लिए मतदान नहीं हो रहा है।
101 और 104 वर्षीय बुजुर्ग महिलाओं ने भी किया मतदान
लोकतंत्र के इस महापर्व में बुजुर्ग मतदाता भी पूरे उत्साह और जिम्मेदारी के साथ अपनी भागीदारी निभा रहे हैं। देवासर गांव की 101 वर्षीय बुजुर्ग मतदाता रेवंती सिहाग तथा हनुमानगढ़ की 104 वर्षीय बाधु देवी ने मतदान केन्द्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उम्र के इस पड़ाव पर भी दोनों बुजुर्ग महिलाओं ने मतदान कर लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई। उनका यह उत्साह अन्य मतदाताओं के लिए भी प्रेरणादायी है। बुजुर्ग मतदाता अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं, ऐसे में अन्य मतदाताओं से भी मतदान कर लोकतंत्र को मजबूत बनाने की अपील की जा रही है।

पल्लू में सर्वाधिक तो पीलीबंगा में सबसे कम मतदान
सुबह 10 बजे तक प्राप्त पंचायत समिति वार मतदान प्रतिशत के आंकड़ों में पल्लू पंचायत समिति सबसे आगे रही। यहां 25.07 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। भादरा एवं नोहर पंचायत समितियों में 24.40-24.40 प्रतिशत मतदान हुआ। राजपुरा (8 बीएचडी) में 24.09 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले। वहीं हनुमानगढ़ जंक्शन पंचायत समिति में 23.39 प्रतिशत तथा पीलीबंगा में सबसे कम 23.33 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

204 ग्राम पंचायतों में 873 सरपंच प्रत्याशी मैदान में
तीसरे चरण में जिले की छह पंचायत समितियों की 205 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए कुल 1,309 अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किए थे। नामांकन पत्रों की संवीक्षा एवं नाम वापसी के बाद 204 ग्राम पंचायतों में 873 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए। पंचायत समिति वार स्थिति के अनुसार भादरा की 26 ग्राम पंचायतों में 120, हनुमानगढ़ जंक्शन की 23 ग्राम पंचायतों में 120, नोहर की 59 ग्राम पंचायतों में 235, पल्लू की 24 ग्राम पंचायतों में 94, पीलीबंगा की 46 ग्राम पंचायतों में 178 तथा राजपुरा (8 बीएचडी) की 29 ग्राम पंचायतों में 126 प्रत्याशी सरपंच पद के लिए चुनाव लड़ रहे हैं।
2151 पंच पदों के लिए भी मतदान
तीसरे चरण में शामिल छह पंचायत समितियों की ग्राम पंचायतों में 2151 वार्ड पंच पदों के लिए कुल 3536 नामांकन दाखिल किए गए थे। नामांकन, संवीक्षा एवं नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद गुरुवार को इन पदों के लिए भी मतदान करवाया जा रहा है। सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए मतदान मतपेटियों के माध्यम से हो रहा है। मतदान के लिए जिले में कुल 749 मतदान केन्द्र निर्धारित किए गए हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शाम 6 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मतगणना करवाई जाएगी। इसके बाद शुक्रवार, 6 नवम्बर को उपसरपंच पद के लिए चुनाव करवाया जाएगा।
Comments