Hanumangarh Seva Dal News: वोट बचाओ-देश बचाओ महारैली में हनुमानगढ़ सेवादल ने संभाली महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
जिलाध्यक्ष अश्विनी पारीक के नेतृत्व में रामलीला मैदान पहुंचे सेवादल पदाधिकारी
हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित 'वोट बचाओ-देश बचाओ' महारैली में कांग्रेस सेवादल हनुमानगढ़ के जिलाध्यक्ष अश्विनी पारीक के नेतृत्व में जिले के सेवादल पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। महारैली में सेवादल हनुमानगढ़ के पदाधिकारियों ने विशेष आमंत्रित बॉक्स की व्यवस्थाओं सहित विभिन्न जिम्मेदारियां संभालते हुए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जिलाध्यक्ष अश्विनी पारीक ने बताया कि महारैली की पूर्व संध्या पर राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का राजस्थान स्टेट गेस्ट हाउस में सेवादल की ओर से स्वागत किया गया। इस दौरान उन्हें सूत की माला पहनाई गई तथा सेवादल की कैप भेंट की गई। पारीक ने अशोक गहलोत को हनुमानगढ़ जिले में सेवादल की ओर से किए जा रहे संगठनात्मक एवं सामाजिक कार्यों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि हनुमानगढ़ सेवादल की ओर से हाल ही में नगर परिषद चुनाव के दौरान प्रत्येक ब्लॉक में कांग्रेस प्रत्याशियों की संख्या के अनुसार सेवादल की कैप उपलब्ध करवाई गई थीं। साथ ही आगामी जिला परिषद चुनाव को लेकर सेवादल की ओर से की जा रही तैयारियों एवं गतिविधियों से भी अवगत करवाया। पारीक ने बताया कि सेवादल के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी के निर्देशानुसार तथा प्रदेशाध्यक्ष हेम सिंह की अध्यक्षता में हनुमानगढ़ सेवादल ने महारैली की व्यवस्थाओं में सक्रिय भागीदारी निभाई। रामलीला मैदान में आयोजित महारैली के दौरान जिले के पदाधिकारियों ने विशेष आमंत्रित बॉक्स की व्यवस्था संभाली।
उन्होंने कहा कि वोट चोरी से देश को बचाने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर राहुल गांधी के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन मजबूती से आगे बढ़ रहा है। एसआईआर के माध्यम से जिस तरह वोट चोरी किए जाने के आरोप सामने आए हैं, उन्हें जनता समझ चुकी है। पारीक ने कहा कि इस मुद्दे पर जनता की आवाज बुलंद हो रही है और मुख्य चुनाव आयुक्त को स्वयं इस्तीफा देना पड़ेगा। इस मौके पर सेवादल जिला महासचिव इशाक चायनान, धर्मेंद्र बजाज, जिला सचिव एवं पार्षद लखविंद्र सिंह, जिला सचिव भंवर खान, कोषाध्यक्ष विनित बंसल, पीलीबंगा ब्लॉक अध्यक्ष भगवानाराम, कमलेश शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Comments