शिक्षा और रोजगार
Dabwali laborer Death: डबवाली में दर्दनाक हादसा, हाई-वोल्टेज तार से टकराया सरिया; मजदूर की मौत
साथी ने लकड़ी के फट्टे से छुड़ाया
Dabwali laborer Death: डबवाली/गोरीवाला (सच कहूँ/अनिल)। डबवाली में मकान निर्माण के दौरान एक दर्दनाक हादसे में 29 वर्षीय मजदूर की जान चली गई। मकान की ऊपरी मंजिल पर लेंटर के लिए सरिया बांधते समय लंबा सरिया उछलकर पास से गुजर रही हाई-वोल्टेज बिजली की तारों से टकरा गया। करंट की चपेट में आने से मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया। साथी मजदूर ने लकड़ी के फट्टे की मदद से उसे तारों के संपर्क से अलग किया और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। हादसा डबवाली शहर के वार्ड नंबर 15 स्थित प्रजापत धर्मशाला वाली गली में हुआ। मृतक की पहचान गांव सिंघेवाला निवासी लखविंदर सिंह पुत्र बग्गा सिंह के रूप में हुई है।
26 अक्तूबर से चल रहा था निर्माण कार्य
मकान मालिक जूती मेकर लक्ष्मण दास के बेटे विजय कुमार ने बताया कि उनके मकान की ऊपरी मंजिल का निर्माण कार्य गांव डूमवाली निवासी ठेकेदार हरप्रीत सिंह को ठेके पर दिया हुआ था। निर्माण कार्य 26 अक्तूबर से चल रहा था। मंगलवार को चौबारे का लेंटर डालने के लिए सरिया बांधने का काम किया जा रहा था। इस दौरान लखविंदर सिंह और गांव मिठड़ी बुधगिर निवासी जगदीप उर्फ काका पुत्र प्रकाश सिंह काम में जुटे हुए थे।
10 फीट दूर से गुजर रही थीं बिजली की तारें
प्रत्यक्षदर्शी मजदूर जगदीप के अनुसार, काम के दौरान अचानक एक लंबा सरिया उछलकर मकान से करीब 10 फीट की दूरी से गुजर रही बिजली की मुख्य तारों से टकरा गया। तारों के संपर्क में आते ही सरिया में करंट आ गया और लखविंदर सिंह उसकी चपेट में आ गया। हादसे के तुरंत बाद साथी मजदूर जगदीप ने सूझबूझ दिखाते हुए लकड़ी के फट्टे की मदद से लखविंदर सिंह को करंट के संपर्क से अलग किया। इसके बाद उसे गंभीर हालत में डबवाली के उपमंडल नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
Comments