आमजन की शिकायतों पर SDM सख्त, अधिकारियों को जल्द समाधान के आदेश
उपमंडल अधिकारी ने सुनी नागरिकों की समस्याएं
तोशाम, सच कहूँ/विरेंद्र सिंह। Tosham News: उपमंडल अधिकारी संदीप कुमार ने सोमवार को अपने कार्यालय में आयोजित समाधान शिविर में आमजन की शिकायतें सुनीं। शिविर के दौरान एसडीएम ने एक ग्रामीण की समस्या पर गंभीरता से संज्ञान लिया और संबंधित कागजातों की जांच करने के बाद संबंधित विभाग के अधिकारी को जल्द से जल्द इस विषय का समाधान करने के सख्त निर्देश दिए। एसडीएम संदीप कुमार ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि समाधान शिविर का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों की सामूहिक और व्यक्तिगत समस्याओं का बिना किसी देरी के निदान करना है। उन्होंने निर्देश दिए कि जनहित से जुड़ी किसी भी शिकायत जैसे बिजली, पेयजल आपूर्ति, राजस्व विभाग, राशन कार्ड, परिवार पहचान पत्र में सुधार या अवैध कब्जे को लंबित न रखा जाए।
अधिकारियों को मौके पर ही शिकायतों का निपटारा कर उसकी विस्तृत रिपोर्ट एसडीएम कार्यालय में जमा करवाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने आमजन को आश्वस्त करते हुए कहा कि सरकार के दिशा-निदेर्शों पर प्रत्येक सोमवार और वीरवार को सुबह 10:00 से 12:00 बजे तक आयोजित होने वाले ये शिविर जनता के लिए अपनी बात सीधे प्रशासन तक पहुंचाने का एक सुगम और सरल माध्यम हैं। इन शिकायतों की निगरानी जिला उपायुक्त कार्यालय से लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय तक की जा रही है, जिससे अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित होती है।
Comments