शिखर शिक्षा सदन में शरद महोत्सव की धूम, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन; एमएलसी चंद शर्मा ने किया शुभारंभ
शिखर शिक्षा सदन में शरद महोत्सव की धूम, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन; एमएलसी चंद शर्मा ने किया शुभारंभ
मीरांपुर, सच कहूँ/कोमल प्रजापति। Mirapur News: शिखर शिक्षा सदन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, मीरांपुर में वार्षिक परंपरा के अनुसार शरद महोत्सव का भव्य आयोजन हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ किया गया। रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, गीत-संगीत और आकर्षक मेले ने अतिथियों, अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एमएलसी चंद शर्मा ने किया।
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल, रालोद नेत्री एवं समाजसेवी सुप्रिया पाल, सांसद चंदन चौहान की पत्नी एवं समाजसेवी यशिका चौहान तथा सनातन धर्म इंटर कॉलेज मीरांपुर के प्रबंधक एवं एडवोकेट सिद्धार्थ राजवंशी उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों ने विद्यालय चेयरमैन सुशील शर्मा, निदेशक राजेश शर्मा, प्रबंधिका शिखा शर्मा, राजीव कौशिक, वान्या कौशिक एवं चित्रा गोयल के साथ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
मुख्य अतिथि एमएलसी श्री श्रीचंद शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना भी है। बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए ऐसे मंच उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है। उन्होंने शिखर शिक्षा सदन के प्रयासों की सराहना की। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने कहा कि विद्यालय शिक्षा, संस्कार और संस्कृति का सुंदर संगम प्रस्तुत कर रहा है। ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना भी विकसित करते हैं।
विद्यालय चेयरमैन सुशील शर्मा ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करना है।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान छात्र-छात्राओं ने लोकगीतों, पंजाबी गीतों और विभिन्न रंगारंग प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों पर पूरा विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
महोत्सव में आयोजित भव्य मेले में आकर्षक दुकानें, मनोरंजक खेल, स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल और रंग-बिरंगे झूले विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। बच्चों के साथ अभिभावकों और क्षेत्रवासियों ने भी मेले का भरपूर आनंद लिया।
मेधावी विद्यार्थियों को मिली 20 हजार रुपये तक की छात्रवृत्ति
समारोह में अनुभव मेमोरियल स्कॉलरशिप के अंतर्गत बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति के चेक देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय टॉपर तिथि शर्मा एवं सलोनी को 20-20 हजार रुपये, आदित्य चौधरी, इशिता प्रजापति एवं शौर्य पाराशर को 15-15 हजार रुपये तथा हादिया, मोहम्मद हम्माद, पलक शर्मा एवं अक्षित चौधरी को 10-10 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई। इसके अलावा मेले में कूपन के माध्यम से 21 लकी ड्रॉ निकाले गए, जिनमें विजेता छात्र-छात्राओं को आकर्षक पुरस्कार दिए गए।
कार्यक्रम का संचालन छात्राओं तिथि शर्मा, श्रेया, आव्या शर्मा, इनम्मा, जोया तोमर, समरीन, इशिका सैनी, अक्षिता एवं निदा ने अध्यापक अनुराग गोयल और फैजदीन के मार्गदर्शन में किया। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं स्टाफ का विशेष योगदान रहा। अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।
Comments