850 साल पहले दादा सुलखनपाल ने बसाया था दुभेटा गांव

दादा सुलखनपाल के संघर्ष और योगदान से युवा पीढ़ी ले प्रेरणा: अरविन्द

Published On

सोनीपत, सच कहूँ/हेमंत कुमार। Sonipat News: दुभेटा गांव  के संस्थापक एवं जननायक स्व. दादा सुलखनपाल श्योराण की स्मृति में आयोजित समारोह में उनकी प्रतिमा का अनावरण किया गया। कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा व गन्नौर विधायक देवेंद्र कादियान मुख्यातिथि के रूप में पहुंचे। इस दौरान दादा सुलखनपाल स्मारक पार्क और गांव के कम्युनिटी सेंटर के नवीनीकरण कार्य का भी उद्घाटन किया गया।

मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि पूर्वजों का सम्मान करना और उनके योगदान को याद रखना समाज की जिम्मेदारी है। दादा सुलखनपाल जैसे दूरदर्शी व्यक्तित्वों का जीवन आने वाली पीढ़ियों को अपनी जड़ों और इतिहास से जुड़े रहने की प्रेरणा देता है। गांव में स्मारक पार्क का निर्माण उनके प्रति सम्मान के साथ ऐतिहासिक विरासत को सहेजने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। गांवों में बुनियादी सुविधाओं, सामाजिक स्थलों और जनसुविधाओं को मजबूत करने से ग्रामीण जीवन बेहतर होगा।

विधायक देवेंद्र कादियान ने कहा कि गन्नौर क्षेत्र के गांवों में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। सड़क, पेयजल, जल निकासी, बिजली और सामुदायिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। गांवों की जरूरतों के अनुरूप विकास कार्य करवाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि दुभेटा में स्मारक पार्क और कम्युनिटी सेंटर का नवीनीकरण ग्रामीणों के लिए उपयोगी साबित होगा। ऐसे कार्य गांवों में सामाजिक एकजुटता को भी मजबूत करते हैं।

850 साल पुराना है गांव का इतिहास

ग्रामीणों के अनुसार दुभेटा गांव का इतिहास करीब 850 वर्ष पुराना है। गांव की स्थापना वर्ष 1176 (विक्रम संवत 1233) में वैशाख माह के दौरान दादा सुलखनपाल ने की थी। वे जिला भिवानी के कुकड़ौला वाया खरकड़ी क्षेत्र से यहां आकर बसे थे। उनके प्रयासों से श्योराण गोत्र के इस गांव की नींव पड़ी। ग्रामीणों का मानना है कि उनके संघर्ष, दूरदर्शिता और समर्पण ने गांव को पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

नई पीढ़ी को इतिहास से जोड़ने की पहल

दादा सुलखनपाल की प्रतिमा और स्मारक पार्क को गांव की ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इसका उद्देश्य आने वाली पीढ़ियों को गांव की स्थापना और पूर्वजों के योगदान से परिचित कराना भी है। ग्रामीणों ने स्मारक के सम्मान और रखरखाव की जिम्मेदारी सामूहिक रूप से निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सरपंच विकास आर्य ने की। इस अवसर पर मास्टर नरेंद्र, विनोद, प्रेम, सोमबीर, सुधीर, कवरभान, जयप्रकश फौजी, सरपंच मेहर सिंह, कर्मबीर सिंह, मंजीत कुमार, गुरमैल, जसबीर, रविंद्र पहल सहित महिला, बुजर्ग, युवा और काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts