स्वच्छता रैकिंग में फिर पिछड़ा जयपुर नगर निगम
जयपुर को स्टेट फर्स्ट ऑफ स्वच्छ सिटी अवॉर्ड मिला
जयपुर, सच कहूँ/गुरजंट सिंह धालीवाल। Jaipur News: स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 के परिणाम बुधवार को दिल्ली के विज्ञान भवन में घोषित किए गए। जयपुर को स्टेट फर्स्ट ऑफ स्वच्छ सिटी अवॉर्ड मिला है। यह इनाम कचरा संग्रहण, वाटर मैनेजमेंट समेत कई कामों के लिए मिला है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा, जयपुर मेयर सुनील कोठारी, नगर निगम कमिश्नर ओम कसेरा को यह अवॉर्ड दिया। राजस्थान के किसी शहर की रैंकिंग किसी भी कैटेगरी में टॉप 3 में नहीं आई है। 10 लाख से ज्यादा आबादी में देश के स्वच्छ तीन शहरों में जयपुर भी शामिल नहीं है। पिछली बार इसमें जयपुर टॉप 20 में रहा था। केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से राज्यों के मुख्य सचिवों को भेजे गए पत्र में पुरस्कार समारोह की जानकारी दी गई थी। इसमें चयनित शहरों के प्रतिनिधियों को पुरस्कार प्राप्त करने के लिए बुलाया गया था।
जयपुर में 1 नवंबर को 'ऑपरेशन क्लीन स्वीप 2.0' के तहत रात 12 बजे से पूरी रात परकोटे के प्रमुख बाजार और गलियों में सफाई की गई थी। अभियान में नगर निगम मेयर सुनील कोठारी और कमिश्नर ओम कसेरा ने भी मोर्चा संभाला था। करीब ढाई हजार सफाई कर्मचारियों और 1000 संसाधनों की मदद से परकोटे के बाजार, सड़कों और गलियों से कचरा हटाया गया था। मेयर सुनील कोठारी ने खुद झाड़ू लेकर सफाई की थी।
5 नवंबर को सुबह 7 बजे शहर के सभी 150 वार्डों में एक साथ विशेष सफाई अभियान हुआ था। इसमें नगर निगम के करीब 9 हजार अधिकारी और कर्मचारी मैदान में उतरे थे। अभियान के दौरान शहर के विभिन्न इलाकों से लंबे समय से जमा कचरा, मलबा और गंदगी हटाई गई थी। नगर निगम के अनुसार इस विशेष अभियान में 7 टन से अधिक कचरा एकत्र किया गया था।
पिछली बार टॉप-20 में रहा था जयपुर
दरअसल, पिछले स्वच्छता सर्वेक्षण 2024-25 में 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में जयपुर ग्रेटर ने 16वीं और जयपुर हेरिटेज ने 20वीं रैंक हासिल की थी। दोनों निगमों को थ्री-स्टार रेटिंग भी मिली थी। इस बार दोनों निगमों के एकीकृत होने के बाद जयपुर ने एक शहर के रूप में सर्वेक्षण में हिस्सा लिया है। हालांकि नगर निगम की ओर से स्वच्छता व्यवस्था सुधारने, सफाई अभियान चलाने और नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने के लिए विभिन्न प्रयास किए गए थे।
Comments