Haryana Government News: हरियाणा के लाखों परिवारों को धनतेरस पर CM सैनी की बड़ी सौगात

खातों में भेजे ₹4,470 करोड़ 

Published On

Lado Lakshmi Yojana 13th installment: चंडीगढ़, (सच कहूँ न्यूज)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने धनतेरस के अवसर पर प्रदेश के लाखों परिवारों को बड़ी राहत देते हुए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत कुल 4,470.77 करोड़ रुपये की राशि सीधे लाभार्थियों, पंचायतों और नगर निकायों के बैंक खातों में हस्तांतरित की। इस राशि में महिलाओं की आर्थिक सहायता, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, रसोई गैस सब्सिडी, ग्रामीण एवं शहरी विकास के लिए अनुदान और जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक मदद शामिल है। मुख्यमंत्री ने चंडीगढ़ में आयोजित पत्रकार वार्ता में इसकी जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना की 13वीं किस्त के रूप में 10 लाख 59 हजार लाभार्थी महिलाओं के खातों में 222.52 करोड़ रुपये भेजे। इस किस्त के साथ योजना के तहत अब तक 13 किस्तों में कुल 2,689.15 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। योजना का दूसरा चरण 17 सितंबर से शुरू हो चुका है। इसके तहत सरकार ने वार्षिक पारिवारिक आय की सीमा एक लाख रुपये से बढ़ाकर 1.80 लाख रुपये कर दी है। आय सीमा बढ़ने के बाद पात्र बनीं 49,290 महिलाओं को भी इस बार जारी की गई राशि का लाभ मिला है।

35 लाख से अधिक लोगों की पेंशन खातों में पहुंची

प्रदेश के बुजुर्गों, दिव्यांगों और अन्य जरूरतमंद वर्गों को भी धनतेरस पर राहत मिली। मुख्यमंत्री ने 15 सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत 35 लाख 26 हजार 358 लाभार्थियों के बैंक खातों में 1,135 करोड़ 21 लाख रुपये हस्तांतरित किए। इसमें वृद्धावस्था सम्मान भत्ता, दिव्यांग पेंशन और अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं की राशि शामिल है।

गैस सिलेंडर पर 24.25 करोड़ रुपये की सब्सिडी

हर घर-हर गृहिणी योजना के तहत गैस सिलेंडर रिफिल करवाने वाली 6 लाख 5 हजार महिलाओं के खातों में सितंबर माह की 24 करोड़ 25 लाख रुपये की सब्सिडी जारी की गई। इस राशि के साथ योजना के तहत अब तक 14 लाख 66 हजार पात्र महिलाओं के खातों में कुल 404 करोड़ 46 लाख रुपये की सब्सिडी पहुंचाई जा चुकी है।

पंचायतों को 1,158 करोड़ रुपये जारी

मुख्यमंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के लिए राज्य वित्त आयोग के तहत 2,316 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। इसी कड़ी में शुक्रवार को पहली और दूसरी किस्त के रूप में 1,158 करोड़ रुपये जारी किए गए। यह राशि प्रदेश की 22 जिला परिषदों, 143 पंचायत समितियों और 6,230 ग्राम पंचायतों के खातों में भेजी गई है, ताकि गांवों में विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा सके।

निकायों को 1,727.80 करोड़

शहरों में विकास कार्यों के लिए भी सरकार ने बजट का प्रावधान किया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि चालू वित्त वर्ष में राज्य वित्त आयोग योजना के तहत शहरी विकास के लिए 2,754 करोड़ रुपये रखे गए हैं। शुक्रवार को नगर निकायों को 1,727.80 करोड़ रुपये जारी किए गए। इस राशि को मिलाकर चालू वित्त वर्ष में अब तक नगर निकायों को कुल 1,927.80 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं।

5429 परिवारों को 203 करोड़ की मदद

मुख्यमंत्री ने दयालु योजना के तहत 5,429 परिवारों को 202.99 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता भी जारी की। इसके साथ ही योजना के तहत अब तक 97,655 परिवारों को कुल 3,682.83 करोड़ रुपये की सहायता दी जा चुकी है। यह राशि जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक संबल देने के उद्देश्य से प्रदान की गई है।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts