Ludhiana Firecracker Blast: लुधियाना के फील्ड गंज में पटाखों के गोदाम में भीषण आग व धमाकों से दहशत

एक युवक की मौत, घनी आबादी वाले इलाके में मची अफरा-तफरी

Published On

Ludhiana Field Ganj Fire: लुधियाना, (सच कहूँ/सुरिंदर कुमार शर्मा)। लुधियाना के घनी आबादी वाले फील्ड गंज इलाके में शुक्रवार को उस समय दहशत फैल गई, जब कूचा नंबर 10 स्थित एक इमारत में बने पटाखों के गोदाम में भीषण आग लग गई। आग लगने के बाद गोदाम में रखे पटाखों में जोरदार धमाके होने लगे। कुछ ही समय में आग ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में साहिल सब्बरवाल नामक युवक की मौत होने की खबर सामने आई है। 

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार करीब ढाई मंजिला इमारत के निचले हिस्से में रेडीमेड कपड़ों का शोरुम था, जबकि ऊपरी मंजिल पर पटाखों का गोदाम बनाया गया था। आग लगने के बाद पटाखों के लगातार धमाकों से आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। लोग अपनी दुकानों और घरों से बाहर निकल आए। धमाकों की तीव्रता के कारण इमारत की दीवार गिर गई और मलबे के नीचे युवक के दबने की जानकारी भी सामने आई है।  हालांकि, मौत के सही कारणों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। 

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां और पुलिस प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने और अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान शुरु किया गया। त्योहारों के सीजन के कारण बाजार में भीड़ और इलाके की संकरी गलियों के चलते दमकल गाड़ियों को घटनास्थल तक पहुंचने में भी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। पुलिस ने इलाके को सुरक्षा घेरे में लेकर लोगों की आवाजाही नियंत्रित की।

कुछ रिपोर्टों में इस इमारत को आम आदमी पार्टी के स्थानीय नेता गोल्डी सब्बरवाल से जोड़ा जा रहा है। हालांकि, इमारत की वास्तविक मालिकाना स्थिति और गोदाम के संचालन से संबंधित आधिकारिक रिकॉर्ड अभी सामने आना बाकी है। इस मामले में राजनीतिक संबंधों से भी बड़ा सवाल यह है कि घनी आबादी वाले इलाके में इतनी बड़ी मात्रा में पटाखों का भंडारण किसकी अनुमति से किया जा रहा था।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts