Mumbai Minor Abuse Case: नाबालिग से सामूहिक दुराचार, 24 घंटे के भीतर छह आरोपी गिरफ्तार
पुलिस की तुरंत कार्रवाई, मामले की जांच जारी
मुंबई, (सच कहूँ/एजेंसी)। मुंबई के पवई इलाके में 15 वर्षीय नाबालिग से कथित दुराचार के मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के मुताबिक, शिकायत मिलने के 24 घंटे के भीतर पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया। मामले की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, घटना 27 और 28 अक्टूबर के बीच हुई। आरोप है कि मुख्य आरोपी अपने चार साथियों के साथ नाबालिग को साकी विहार रोड पर एक बेकरी के पीछे सुनसान स्थान पर ले गया, जहां उसके साथ यौन उत्पीड़न किया गया। इसके बाद आरोपियों ने कथित तौर पर पीड़िता को धमकी दी कि यदि उसने घटना के बारे में पुलिस या परिवार को बताया, तो उसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दी जाएंगी।
पुलिस ने बताया कि इसी मामले से जुड़ी एक अन्य घटना में एक और आरोपी ने पवई में पाइपलाइन के पास नाबालिग को रोककर उसके साथ छेड़छाड़ और यौन उत्पीड़न किया। घटना के बाद पीड़िता परिवार की मदद से 29 अक्टूबर की सुबह पवई पुलिस थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(1) और 74 के साथ-साथ पॉक्सो अधिनियम की धारा 4, 8 और 12 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों में किसी का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। पीड़िता को चिकित्सकीय जांच के लिए मुंबई के केईएम अस्पताल भेजा गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की निगरानी में मामले की आगे की जांच की जा रही है।
Comments