Goriwala PHC News: गोरीवाला में 4.66 करोड़ की लागत वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की गुणवत्ता पर उठे सवाल
सरपंच प्रतिनिधि व ब्लॉक समिति सदस्य ने की तकनीकी जांच की मांग
गोरीवाला, (सच कहूँ/अनिल)। लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए गोरीवाला में बनाया जा रहा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भवन निर्माण पूरा होने से पहले ही सवालों में घिर गया है। झूटी खेड़ा रोड पर 466.84 लाख रुपये की लागत से बन रहे इस भवन की दीवारों से हाथ लगाते ही सीमेंट की लिपाई उखड़कर नीचे गिर रही है। जनप्रतिनिधियों ने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए मामले की जांच करवाने की मांग की है।
वहीं निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा से 15 माह से अधिक देरी के बावजूद पूरा नहीं हो पाया है। निर्माण स्थल पर लगे सूचना बोर्ड के अनुसार भवन का निर्माण कार्य 9 जुलाई 2024 को शुरू हुआ था और इसे 16 जुलाई 2025 तक पूरा किया जाना था। लेकिन अक्तूबर 2026 तक भी काम अधूरा है। ऐसे में निर्माण में देरी के साथ अब गुणवत्ता को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
हाथ लगाने पर उखड़ी लिपाई, मार्बल लगाने के तरीके पर भी सवाल: मामले को लेकर सरपंच प्रतिनिधि गुरबचन सिंह और ब्लॉक समिति सदस्य जगदीश माहर ने निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया। उनका कहना है कि भवन में रंग-रोगन का काम भी किया जा चुका है, लेकिन दीवारों की स्थिति देखकर निर्माण की गुणवत्ता पर संदेह हुआ। उन्होंने दीवार पर हाथ लगाकर देखा तो सीमेंट की लिपाई उखड़ने लगी। जनप्रतिनिधियों ने मार्बल लगाने के तरीके पर भी सवाल उठाए।
जनप्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य टेंडर में निर्धारित मानकों के अनुसार नहीं किया जा रहा और सामग्री की गुणवत्ता से समझौता हो रहा है। उनका कहना है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र आम लोगों की जरूरत से जुड़ा भवन है। ऐसे में इसके निर्माण में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने निर्माण कार्य की तकनीकी जांच करवाने की मांग की, ताकि खामियों की वास्तविक स्थिति सामने आ सके।
उच्च अधिकारियों से करेंगे शिकायत
गुरबचन सिंह और जगदीश माहर ने कहा कि निर्माण कार्य में देरी और दीवारों की खराब स्थिति गंभीर मामला है। यदि निर्माण में निर्धारित मानकों की अनदेखी की गई है तो जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि जरूरत पड़ने पर उच्च अधिकारियों से शिकायत कर निष्पक्ष जांच की मांग उठाई जाएगी। उनका कहना है कि भवन का निर्माण पूरा होने से पहले ही कमियां सामने आ रही हैं तो भविष्य में इसकी मजबूती और टिकाऊपन पर भी सवाल उठेंगे।
कमी मिली तो दुरुस्त करवाएंगे
ठेकेदार निर्मल सिंह ने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कार्य अभी जारी है। निर्माण के दौरान जहां भी कोई कमी सामने आएगी, उसे दुरुस्त करवा दिया जाएगा।
Comments